एशियाई खेलों में भारत के 503 एथलीट दिखाएंगे दम
खेल मंत्रालय ने 246 सपोर्ट स्टाफ को दी मंजूरी
20वां सीजन 19 सितम्बर से जापान में शुरू होगा
खेलपथ संवाद
हैदराबाद। एशियन गेम्स के 20वें संस्करण में भारत के 503 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। खेल मंत्रालय ने बुधवार को 503 एथलीटों के लिए 246 टीम अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ के दल को मंजूरी दी है। 20वें एशियन गेम्स 19 सितम्बर से जापान के आइची-नागोया में शुरू होने जा रहे हैं।
खेल मंत्रालय द्वारा जारी कुल 503 एथलीटों में 269 पुरुष खिलाड़ी और 234 महिला खिलाड़ी हैं जबकि 246 सपोर्ट स्टाफ में 23 मुख्य/उप-मुख्य कोच और 150 कोच के साथ-साथ अन्य सहयोगी कर्मचारी, मेडिकल स्टाफ, फिजियोथेरेपिस्ट, मनोवैज्ञानिक, मालिश करने वाले, मैनेजर और तकनीकी स्टाफ शामिल हैं।
बता दें कि मंत्रालय ने पहले 492 खिलाड़ियों को मंजूरी दी थी लेकिन बाद में कुछ और खिलाड़ियों के नाम जोड़े गए हैं जिनमें मुख्य रूप से एथलेटिक्स दल के खिलाड़ी शामिल हैं। अब भारतीय दल में कुल 768 सदस्य हैं, जिसमें दल के 19 अधिकारी भी शामिल हैं।
खास बात ये है कि 79 सदस्यीय एथलेटिक्स दल को सबसे अधिक 31 सहयोगी स्टाफ मिला है। इनमें राष्ट्रीय कोच पी. राधाकृष्णन के नेतृत्व में 20 कोच भी शामिल हैं। बता दें कि भारत जैवलिन सुपरस्टार नीरज चोपड़ा इस बार एशियन गेम्स में शामिल नहीं होंगे क्योंकि उन्होंने चोट के कारण 2026 के बाकी बचे मैचों में भाग न लेने का फैसला किया है।
इन खेलों में भारत की दो क्रिकेट टीमें (महिला व पुरुष) भी भाग लेंगी। उनके लिए 20 लोगों के सपोर्ट स्टाफ की मंजूरी दी गई है, जिसका नेतृत्व टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण करेंगे। पुरुष टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है जबकि महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर संभालेंगी। दोनों ही टीमें पिछले एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट हैं।
पिछले एशियन गेम्स में भारत का प्रदर्शन
भारत एशियन गेम्स में 36 खेलों में हिस्सा लेगा, प्रतियोगिता का समापन चार अक्टूबर को होगा। भारत का लक्ष्य पिछली बार हांगझू एशियाई खेलों में किए गए अपने रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन को और बेहतर बनाना होगा। एशियन गेम्स में 45 देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी 43 खेलों में हिस्सा लेते हैं। भारत ने हांगझू 2023 में रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे, जिनमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे।
