लियोनेल मेस्सी ने अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम से लिया संन्यास
छह वर्ल्ड कप का सफर खत्म, बोले- फैसला पीड़ादायक था
खेलपथ संवाद
ब्यूनस आयर्स। महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी ने करीब दो दशक तक अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व करने के बाद 39 साल की उम्र में राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी के तौर पर अपना करियर समाप्त कर दिया। छह विश्व कप में खेलने वाले मेस्सी ने 2022 में कतर में अर्जेंटीना को विश्व चैम्पियन बनाया था। 2026 में उन्होंने टीम को विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाया, जहां अर्जेंटीना को स्पेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
मेस्सी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कहा कि यह फैसला मेरे लिए बेहद पीड़ादायक था और आज भी इसका दर्द गहरा है, लेकिन मैं समझता हूं कि अब इस फैसले का समय आ गया है। मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि मैंने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। सिर्फ उन पिछले कुछ वर्षों में नहीं, जब हमने सब कुछ जीता, बल्कि उससे पहले भी।
मैंने हमेशा इस जर्सी के लिए पूरी शिद्दत से संघर्ष किया और मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया, ताकि आपको खुशी दे सकूं और फुटबॉल के जरिए आपको अर्जेंटीना का होने पर गर्व महसूस करा सकूं। मेस्सी ने बताया कि उन्होंने संन्यास का पत्र 21 जून को लिखा था, यानी विश्व कप फाइनल में हार के दो दिन बाद। उन्होंने हालांकि इसे सार्वजनिक करने में देरी की क्योंकि उस समय उनके पिता की तबीयत खराब थी। बाद में उनके पिता की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई।
मेस्सी के पिता जॉर्ज मेस्सी का आठ अगस्त को अर्जेंटीना के उनके गृह नगर रोसारियो में निधन हुआ। मेस्सी ने 2006 में अर्जेंटीना की सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए पदार्पण किया था। इसके बाद लम्बे समय तक उन्हें निराशाओं का सामना करना पड़ा और आखिरकार 2022 में विश्व कप की ट्रॉफी उठाकर उनका सपना पूरा हुआ। मेस्सी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में मिले आपके तमाम प्यार के लिए धन्यवाद।
मैदान के अंदर से आप सभी की आवाज सुनना मुझे बहुत याद आएगा। अब मैं आप (प्रशंसक) ही में से एक रहूंगा और बाहर से आपका हौसला बढ़ाऊंगा तथा आपका समर्थन करूंगा। हर अच्छे-बुरे वक्त में, बल्कि पहले से भी ज्यादा। इंटर मियामी के मौजूदा कप्तान मेस्सी ने अपने पत्र में यह नहीं बताया कि वह पेशेवर फुटबॉल खेलना कितने समय तक जारी रखना चाहते हैं।
मैं इस सुकून और गर्व के साथ विदा ले रहा हूं कि मैंने अपने साथियों के साथ मिलकर आपको ऐसे पल दिए, जिनका हमने कभी सिर्फ सपना देखा था। आपके साथ इन पलों को साझा करना अविश्वसनीय रहा। मैं आप सभी से प्यार करता हूं। मेस्सी ने सप्ताहांत में इंटर मियामी की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और सीएफ मॉन्ट्रियल के खिलाफ 7-1 की जीत में चार गोल दागे।
