नील समराज का डबल रिकॉर्ड धमाका, टी. मृथिका सबसे तेज धावक

21वीं राष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पहले दिन बना कीर्तिमान

खेलपथ संवाद

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना (गुरु नानक स्टेडियम) में आयोजित 21वीं राष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पहले दिन तमिलनाडु के 17 वर्षीय धावक नील समराज ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में 10.46 सेकेंड का शानदार समय निकालकर नया अंडर-18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

नील समराज ने पहले सेमीफाइनल रेस में 10.53 सेकेंड का समय लेकर पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया। इसके बाद उन्होंने फाइनल रेस में और शानदार प्रदर्शन करते हुए 10.46 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। इस टाइमिंग के साथ नील 100 मीटर स्पर्धा में भारत के सबसे तेज यूथ एथलीट बन गए हैं।

लड़कों के वर्ग में नील समराज के रिकॉर्ड के अलावा लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में भी तमिलनाडु की टी. मृथिका ने स्वर्ण पदक जीता। लड़कों की 400  मीटर रेस के हीट्स मुकाबलों में 16 वर्षीय लोदेंगे रामू  ने 48.19 सेकेंड का समय निकालकर अपने शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश के विष्णु ने लड़कों की 5000 मीटर पैदल चाल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

लड़कियों की रेसवॉक स्पर्धा में हरियाणा की प्राची बिश्नोई ने अपनी व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ टाइमिंग  के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने मध्य प्रदेश की रंजना यादव को मात्र 0.26 सेकेंड के अंतर से हराया। यह तीन दिवसीय चैम्पियनशिप भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की देखरेख में आगामी यूथ ओलम्पिक खेलों के चयन आधार के रूप में आयोजित की जा रही है।

रिलेटेड पोस्ट्स