सूरज वर्मा को मिला प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय खेल पुरस्कार
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। पावरलिफ्टिंग में राष्ट्रीय स्तर पर पांच स्वर्ण पदक जीतकर खेल जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले सूरज वर्मा को प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान उड़ान संगठन, ग्वालियर द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर उड़ान संगठन के अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह रईखेड़ा ने सूरज वर्मा को सम्मानित करते हुए उनके खेल क्षेत्र में योगदान, उपलब्धियों तथा समाज के प्रति समर्पण की सराहना की।
सूरज वर्मा ने पावरलिफ्टिंग में राष्ट्रीय स्तर पर 5 स्वर्ण पदक जीतकर खेल जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इसके साथ ही उन्होंने नोएडा पंजाबी समाज के अंतर्गत एनपीएस बैडमिंटन ग्रुप की स्थापना कर खेलों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो आज भी सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए सूरज वर्मा ने उड़ान संगठन के अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह रईखेड़ा एवं पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि खेल और समाज के प्रति निरंतर सेवा एवं समर्पण की प्रेरणा है। “यह सम्मान मुझे आगे भी खेल, समाज और युवा प्रतिभाओं के उत्थान के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।”
