विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के हाथों अविनाश भटनागर सम्मानित
सर्वश्रेष्ठ हॉकी प्रशिक्षक अवॉर्ड मेरे जीवन का सबसे गौरवशाली पल
दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम की नींव का पत्थर हैं नरेन्द्र सिंह तोमर
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने एसएएफ ग्राउंड पर स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय समारोह में हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर को सर्वश्रेष्ठ हॉकी प्रशिक्षक के अवॉर्ड से सम्मानित किया। श्री भटनागर को यह अवॉर्ड उन्हें जमीनी स्तर पर हॉकी की उत्कृष्ट पौध तैयार करने के लिए दिया गया।
आजादी के पावन अवसर 15 अगस्त को गरिमामय समारोह में हॉकी के क्षेत्र में दिन-रात प्राणपण से लगे अविनाश भटनागर को विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के करकमलों से सर्वश्रेष्ठ हॉकी प्रशिक्षक अवॉर्ड प्रदान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने श्री भटनागर को बधाई देते हुए, उनका उत्साहवर्धन किया।
सर्वश्रेष्ठ हॉकी प्रशिक्षक अवॉर्ड मिलने से खुश श्री भटनागर ने कहा कि यह मेरे लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। यह पल मेरा हौसला बढ़ाने वाला है। हॉकी के क्षेत्र में मेरे द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्य को दृष्टिगत रखते मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के हाथों यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए अत्यंत गौरव एवं यादगार पल है। श्री भटनागर ने बताया कि मेरे द्वारा प्रशिक्षित सात खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश शासन के सर्वोच्च खेल अवॉर्ड विक्रम एवं एकलव्य अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान मुझे नई ऊर्जा देगा तथा भविष्य में दर्पण हॉकी फीडर सेंटर को देश का सर्वश्रेष्ठ हॉकी फीडर सेंटर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के उत्कृष्ट हॉकी सेण्टरों में शुमार दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम से विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर की बहुत पुरानी और दिलचस्प यादें हैं। सच कहें तो शहर की कोख में हॉकी मैदान की कल्पना किसी की भी हो, इस मैदान के विकास और पोषण में श्री तोमर का अहम योगदान है। गौरतलब यह कि दर्पण कॉलोनी के बीचोंबीच स्थित इस मैदान पर पीडब्ल्यूडी सरकारी क्वार्टर बनाने जा रहा था तभी नरेंद्र सिंह तोमर के हस्तक्षेप से मैदान को बचाया जा सका।
श्री तोमर के प्रयासों से ही इस मैदान की बाउंड्रीवॉल बनी, उसके बाद यह मैदान खेल विभाग को सौंप दिया गया। श्री तोमर की दूरदृष्टि एवं आमजनता के हित में लिये गये निर्णय का ही परिणाम है कि आज यहां की धूल में फूल खिल रहे हैं। इस मैदान से निकले सात हॉकी खिलाड़ियों को अब तक मध्य प्रदेश शासन के सर्वोच्च खेल अवॉर्ड विक्रम एवं एकलव्य अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इस मैदान से निकले 50 से अधिक खिलाड़ी भारतीय रेलवे, इनकमटैक्स, एजीएमपी, इंडियन ऑयल, भारतीय सेना आदि विभागों में खेलकोटे के तहत नौकरी प्राप्त कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
