भालाफेंक में नीरज से टक्कर लेने को तैयार हैं पाकिस्तान के अरशद खान
पाकिस्तान राष्ट्रमंडल खेलों में अभी तक एक भी पदक नहीं जीत पाया है
खेलपथ संवाद
ग्लास्गो। भालाफेंक में राष्ट्रमंडल खेलों और ओलम्पिक के मौजूदा चैम्पियन अरशद नदीम स्विट्जरलैंड में खराब मौसम के कारण अच्छी तरह से अभ्यास नहीं कर पाए, लेकिन लम्बे समय से उनके कोच रहे सलमान बट ने कहा कि वह पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता के क्वालिफाइंग राउंड के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। पाकिस्तान राष्ट्रमंडल खेलों में अभी तक एक भी पदक नहीं जीत पाया है और उसकी उम्मीद अरशद पर टिकी है।
अरशद का हाल का प्रदर्शन हालांकि अच्छा नहीं रहा तथा वह इस महीने की शुरुआत में स्विट्जरलैंड में ल्यूसर्न सिल्वर मीट में नौवें स्थान पर रहे थे। वह परिस्थितियों से वाकिफ होने के लिए काफी पहले ग्लास्गो पहुंच गए थे और 30 जुलाई को होने वाले क्वालिफायर के लिए तैयार हैं। बट ने बताया, 'बारिश के कारण अरशद को स्विट्जरलैंड में खेली गई प्रतियोगिता से पहले ठीक से तैयारी करने का मौका नहीं मिला और उसे गीली सतह की स्थितियों से सामंजस्य बिठाने में संघर्ष करना पड़ा।' उन्होंने कहा, 'लेकिन अब वह ग्लास्गो की परिस्थितियों के अनुकूल हो रहा है। वह क्वालीफायर के लिए पूरी तरह से तैयार है और इस प्रतियोगिता में फिर से अच्छा प्रदर्शन करना चाहता है।'
ल्यूसर्न में अरशद का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 78.47 मीटर रहा, जो पिछले कुछ वर्षों में उनका सबसे खराब प्रदर्शन था। उन्होंने 2022 में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय स्टार नीरज चोपड़ा की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर स्वर्ण पदक जीता था। नीरज चोपड़ा इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रहे हैं तथा उनके और अरशद के बीच मुकाबला रोमांचक होने की सम्भावना है। नीरज चोपड़ा कह चुके हैं कि उनका लक्ष्य 90 मीटर नहीं स्वर्ण पदक जीतना है।
