के.डी. डेंटल कॉलेज में आईडीए मथुरा ब्रांच का गठन

दंत चिकित्सा शिक्षा के उन्नयन में मिलेगी मदद

मथुरा। दंत चिकित्सा के क्षेत्र में प्रोफेशनल तरक्की, नैतिक कामकाज, एकता तथा मथुरा क्षेत्र में कम्युनिटी सर्विस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल में इंडियन डेंटल एसोसिऐएशन (आईडीए) मथुरा ब्रांच का भव्य शुभारम्भ किया गया। इस ब्रांच का लक्ष्य नए आइडियाज, नए अनुसंधान तथा धार्मिक नगरी में ओरल हेल्थ (मुंह की सेहत) के नतीजों को और बेहतर बनाना है।

इंडियन डेंटल एसोसिऐएशन मथुरा ब्रांच के शुभारम्भ मौके पर आईडीए मुख्यालय मुंबई के प्रेसिडेंट डॉ. मनोज श्रीवास्तव, ऑनरेरी सेक्रेटरी जनरल डॉ. अशोक धोबले, पूर्व प्रेसिडेंट डॉ. राजीव चुघ, सीनियर मैनेजर नितांत सिंह तथा आईडीए उत्तर प्रदेश ब्रांच के प्रेसिडेंट डॉ. संदीप शुक्ला, सेक्रेटरी डॉ. सचिन प्रकाश, ट्रेजरर डॉ. आशुतोष सिंह, केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी तथा के.डी. डेंटल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर आदि उपस्थित रहे।

इंडियन डेंटल एसोसिऐएशन (आईडीए) मथुरा ब्रांच का गठन केडी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर श्री मनोज अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, डॉ. सिद्धार्थ सिसोदिया, डॉ. अजय नागपाल तथा डॉ. अनुज गौर के अहम योगदान एवं अटूट समर्थन से किया गया है। आईडीए मथुरा ब्रांच के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सभी गणमान्य लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया। आईडीए मथुरा ब्रांच के नवनियुक्त प्रेसिडेंट डॉ. अजय नागपाल को आईडीए हेड ऑफिस के प्रेसिडेंट डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने प्रतिष्ठित प्रेसिडेंशियल मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

आईडीए हेड ऑफिस के प्रेसिडेंट डॉ. मनोज श्रीवास्तव और ऑनरेरी सेक्रेटरी डॉ. अशोक धोबले ने आधिकारिक तौर पर आईडीए मथुरा ब्रांच के सभी 15 पदाधिकारियों प्रेसिडेंट डॉ. अजय नागपाल, प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ. शैलेंद्र चौहान, ऑनरेरी सेक्रेटरी डॉ. सिद्धार्थ सिसोदिया, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. सोनल गुप्ता एवं  डॉ. धीरज सिंघल, ट्रेजरर डॉ. अनुज गौर, एडीटर डॉ. सुषमा जी. को बैज लगाकर तथा सभी सदस्यों को सम्मान के तौर पर यादगार मोमेंटो भेंटकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर आईडीए हेड ऑफिस मुम्बई तथा आईडीए उत्तर प्रदेश स्टेट ब्रांच के पदाधिकारियों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए। पदाधिकारियों ने बताया कि इंडियन डेंटल एसोसिएशन देश में दंत चिकित्सकों की प्रमुख पेशेवर संस्था है। इसका मुख्य कार्य देश में मौखिक (ओरल) स्वास्थ्य मानकों को सुधारना, दंत चिकित्सा शिक्षा को उन्नत करना तथा पेशेवर नैतिकता बनाए रखते हुए आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है।

यह संस्था दंत चिकित्सकों के लिए निरंतर शिक्षा कार्यक्रम (सीडीई), सेमिनार और राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करती रहती है ताकि वे आधुनिक तकनीकों और अनुसंधानों से अपडेट रहें। नवनिर्वाचित प्रेसिडेंट डॉ. अजय नागपाल ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व मिला है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। इस मौके को यादगार बनाते हुए आईडीए हेड ऑफिस के डॉ. अशोक धोबले तथा अन्य पदाधिकारियों ने आने वाली वर्ल्ड डेंटल कॉन्फ्रेंस की आधिकारिक तौर पर शुरुआत की। कार्यक्रम का समापन नवनिर्वाचित मानद सचिव डॉ. सिद्धार्थ सिसोदिया के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

रिलेटेड पोस्ट्स