आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में छात्राएं सीख रहीं चुनौतियों से निपटने का कौशल

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति ही राष्ट्र के समग्र विकास का आधार

भद्रक महिला महाविद्यालय में शक्तिश्री सशक्तीकरण कार्यक्रम का शुभारम्भ

खेलपथ संवाद

भद्रक। महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भद्रक महिला महाविद्यालय में शक्तिश्री सशक्तीकरण प्रकोष्ठ के तत्वावधान में छात्राओं के लिए एक सप्ताहव्यापी आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, जागरूकता तथा आत्मरक्षा कौशल का विकास करना है, ताकि वे जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना कर सकें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या कल्पना लेंका ने की। मुख्य अतिथि के रूप में श्री रबिनारायण साहू, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, भद्रक एवं महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उपस्थित रहे। उन्होंने अपने सम्बोधन में महिला सशक्तीकरण के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति ही राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है।

मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. अशोक कुमार लेंका, अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट प्रशिक्षक, भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी तथा भारत सरकार द्वारा अनेक राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित व्यक्तित्व, ने देश-विदेश में महिलाओं की स्थिति तथा भारतीय महिलाओं की निरंतर प्रगति पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण देते हुए बताया कि सजगता, आत्मविश्वास और त्वरित निर्णय क्षमता ही प्रभावी आत्मरक्षा की पहली सीढ़ी है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अभय कुमार दास, ओड़िया विभागाध्यक्ष, ने कहा कि आत्मविश्वास ही आत्मरक्षा की सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. मनोज कुमार साहू, इतिहास विभागाध्यक्ष ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन ज्योत्स्नारानी लेंका, शक्तिश्री सशक्तीकरण प्रकोष्ठ की संयोजिका ने किया तथा अंत में उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सशक्त बन सकें।

रिलेटेड पोस्ट्स