एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत की झोली में आए 16 मेडल
भारतीय चौकड़ी ने जीते दो गोल्ड, भाला फेंक में आनंद सिंह का स्वर्णिम थ्रो
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। चीन के ओर्डोस में आयोजित पहली एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत ने 3 स्वर्ण, 4 रजत और 9 कांस्य (कुल 16 पदक) जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के मुख्य आकर्षण भाला फेंक में आनंद सिंह का 80.57 मीटर के साथ गोल्ड मेडल और मिक्स्ड व महिला चार गुणा चार सौ मीटर रिले टीमों द्वारा जीते गए स्वर्ण पदक रहे।
चीन की धरती पर भारतीय एथलीटों ने अपने शानदार प्रदर्शन से कई रिकॉर्ड तोड़े। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के प्रमुख पदक विजेताओं में आनंद सिंह (भाला फेंक): 80.57 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता और प्रतिष्ठित 80 मीटर क्लब में प्रवेश किया। मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम: अस्तिक प्रधान, सैंड्रा मोल साबू, सेतु मिश्रा और श्रावणी सचिन सांगले की चौकड़ी ने चीन को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया।
महिला 4x400 मीटर रिले टीम: श्रावणी सचिन सांगले, संड्रामोल साबू, प्रवल्लिका नरिमाला और नोफिसा खातून ने स्वर्ण पदक जीता। शिवाजी परशुराम मदप्पागौड्रा ने 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ में चांदी के तमगे जीते। पुरुष 4x400 मीटर रिले टीम तथा महिला 4x100 मीटर रिले टीम ने भी रजत पदक से अपने गले सजाए। भरतप्रीत सिंह ने चक्का फेंक, शिवम लोहकारे ने भाला फेंक, विनोद सिंह ने 5000 मीटर दौड़, प्रिया ने चक्का फेंक तथा और श्रावणी सचिन सांगले ने 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीते।
