टीम इंडिया ने हॉकी प्रो लीग का किया विजयी अंत

रोमांचक शूटआउट में अंग्रेजों को हराया, दीवार बने गोलकीपर

खेलपथ संवाद

लंदन। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच  प्रो लीग के अपने आखिरी मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड को बेहद रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराकर अपने अभियान का अंत एक शानदार जीत के साथ किया है। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें कोई भी गोल करने में नाकाम रहीं, जिसके बाद मैच का फैसला शूटआउट के जरिए हुआ।

इस जीत से भारतीय टीम को एक बोनस अंक भी मिला। मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। खेल के आखिरी दो मिनटों में इंग्लैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय बैकलाइन ने दबाव में चट्टान की तरह खड़े रहकर इंग्लैंड को बढ़त बनाने से रोक दिया। इसके बाद शूटआउट में भारतीय गोलकीपर मोहित शशिकुमार और सूरज करकेरा ने अपनी दीवार जैसी डिफेंस का नजारा पेश किया और बेहतरीन बचाव करते हुए भारत को जीत दिला दी।

भारत की तरफ से अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा और हार्दिक सिंह ने दबाव के क्षणों में सटीक गोल दागे, जबकि शानदार खेल के लिए डिफेंडर संजय को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपने कुल 16 मैच पूरे कर लिए हैं। भारतीय टीम 19 अंकों (4 जीत, 5 ड्रॉ, 2 शूटआउट बोनस अंक और 7 हार) के साथ 9 टीमों की अंक तालिका में 8वें स्थान पर रही। वहीं, बेल्जियम की टीम 39 अंकों के साथ शीर्ष पर रहकर प्रो लीग की चैम्पियन बनी और उसने लॉस एंजिल्स 2028 ओलम्पिक के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया।

प्रो लीग के यूरोपीय दौरे का अंत इस मनोबल बढ़ाने वाली जीत के साथ करने के बाद, भारतीय टीम का पूरा ध्यान अब साल की सबसे बड़ी चुनौती पर टिक गया है। भारतीय टीम अब सीधे एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 में अपनी दावेदारी पेश करेगी, जिसका आयोजन 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड्स में संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

भारत को विश्व कप के पूल डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारत के सभी ग्रुप मैच नीदरलैंड्स के अमस्टेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में खेले जाएंगे, जिसमें भारत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ, 17 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ और 19 अगस्त को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स