भारत ने एफआईएच प्रो लीग में पाकिस्तान को 4-3 से हराया
हॉकी में भारत की बादशाहत, 10 साल से पाकिस्तान नहीं जीता
खेलपथ संवाद
लंदन। भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ पिछले एक दशक का अपराजेय अभियान जारी रखते हुए एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण का आगाज 4-3 से जीत के साथ किया। हालांकि आखिरी क्वार्टर में दो गोल नहीं गंवाए होते तो जीत का अंतर बेहतर होता। प्रो लीग की तालिका में आखिरी स्थान पर काबिज पाकिस्तान ने आठवें मिनट में ही नदीम अहमद के गोल के दम पर बढ़त बना ली।
भारत के लिए दूसरे क्वार्टर में 22वें मिनट में अभिषेक ने फील्ड गोल करके बराबरी दिलाई। 24वें मिनट में नीलाकांता शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके बढ़त दिला दी। हाफटाइम तक भारत 2-1 से आगे था। तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने 40वें मिनट में फील्ड गोल करके बढ़त 3-1 की कर दी। चौथे क्वार्टर में 52वें मिनट में राजिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर भारत का चौथा गोल किया तो बड़े अंतर से जीत तय लग रही थी।
भारतीय टीम की आखिरी क्षणों में गोल गंवाने और डिफेंस के चरमराने की कमजोरी फिर उजागर हुई और पाकिस्तान के लिए महमूद अबू (53वां मिनट) और शकील मोईन (60वां) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की जीत का अंतर कम कर दिया।
भारत को अब शुक्रवार को मेजबान इंग्लैंड से खेलना है। भारत और पाकिस्तान 2024 में चीन के हुलुनबुइर में हुए एशियाई चैम्पियन्स ट्रॉफी मुकाबले के बाद पहली बार एक-दूसरे के सामने थे जब भारत ने हरमनप्रीत सिंह के दो गोल के दम पर 2-1 से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2016 में भारत को हराया था जब गुवाहाटी में सैफ खेलों में भारत की दूसरे दर्जे की टीम ने भाग लिया था।
कोच क्रेग फुल्टन को हालांकि आखिरी मिनटों में गोल गंवाने की कमजोरी से पार पाने के लिए मेहनत करनी होगी चूंकि भारत को इस साल विश्व कप और एशियाई खेल जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलने हैं। नीदरलैंड और बेल्जियम में अगस्त में होने वाले विश्व कप में पाकिस्तान भारत के ही पूल में है। पहले क्वार्टर में धीमी शुरूआत के बाद भारत ने लय हासिल कर ली और इस जीत के बाद अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है।
