वार्ड क्रमांक 18 की 18/एफ टीम ने जीती विधायक क्रिकेट प्रीमियर लीग
दूसरा स्थान वार्ड क्रमांक 60 की टीम 60/एच, तीसरा स्थान वार्ड क्रमांक 23 की टीम 23/ए को मिला
मैन ऑफ द टूर्नामेंट बने रामनिवास यादव को मिली टी.वी.एस. स्पोर्ट बाइक
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। वार्ड क्रमांक 18 की 18/एफ टीम ने वार्ड क्रमांक 60 की टीम 60/एच को पराजित कर विधायक क्रिकेट प्रीमियर लीग जीत ली। प्रतियोगिता में तीसरा स्थान वार्ड क्रमांक 23 की टीम 23/ए को मिला। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने रामनिवास यादव को मैन ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड के रूप में टी.वी.एस. स्पोर्ट बाइक प्रदान की।
महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने अपने सम्बोधन में कहा कि खेल मनुष्य के जीवन के लिये आवश्यक हैं, स्वस्थ और अनुशासित रहने के लिये शारीरिक विकास और स्वस्थ सोच खेलों से ही बनती है। एक माह चले विधायक क्रिकेट प्रीमियर लीग में अनेक प्रतिभायें उभर कर सामने आई हैं, यह प्रतिभायें आगे बढ़ें ऐसी मैं कामना करती हूं।
मंगलवार को एम.एल.बी, मैदान में हजारों दर्शकों के बीच फाइनल खेला गया। महापौर ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन न्यास के सचिव अवधेश कौरव एवं आभार डॉ. राकेश अग्रवाल और संजय कट्ठल ने व्यक्त किया। अतिथियों का स्वागत पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार ‘नीटू’, उपाध्यक्ष विनोद जैन, कोषाध्यक्ष अवध सिंह धाकरे, संयुक्त सचिव के.पी. सिंह भदौरिया एवं न्यासी आदित्य सिंह सिकरवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
टूर्नामेंट समापन कार्यक्रम में महाराज सिंह पटेल, वरिष्ठ नेत्री रश्मि पवार शर्मा, सेवादल अध्यक्ष हरेन्द्र गुर्जर, वीर सिंह तोमर, राम पाण्डेय, सीमा समाधिया, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश तोमर, रेखा जाटव, अनूप शिवहरे, युवा कांग्रेस नेता संदीप यादव, पूर्व पार्षद रामअवतार जाटव, पार्षद केदार बरहादिया, सुरेन्द्र साहू, प्रमोद खरे, अंकित कट्ठल आदि मंचासीन रहे। खास बात यह रही कि मैदान पर मौजूद हजारों दर्शकों को टी-शर्ट का वितरण किया गया। टूर्नामेंट फाइनल मैच में टीम 18/एफ के जीतते ही जोरदार आतिशबाजी मैदान पर की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने कार्यक्रम में मौजूद जनसमुदाय एवं खिलाडियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि आप लोगों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया है। आप सब आगे के टूर्नामेंट के लिये अच्छी तैयारी करें। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला ने कहा कि आज खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं रह गए हैं। यदि आपमें प्रतिभा और लगन है, तो आप खेल को अपना करियर बना सकते हैं। मेजर ध्यानचंद, सचिन तेंदुलकर, पी.वी. सिंधु और नीरज चोपड़ा जैसे दिग्गजों ने खेल के दम पर ही पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के सूत्रधार, न्यास के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने कहा कि खेलों में अनुशासन बहुत जरूरी है और आप सब ने बहुत ही अनुशासित तरीके से टूर्नामेंट में न केवल अच्छा खेले बल्कि बेहतर अनुशासन का परिचय दिया। हमारी कोशिश रही कि आप लोगों को हर सुविधा मिले, अगर कोई खामी रही गई हो तो मुझे सुझाव जरूर दें। उन्होंने कहा कि न्यास द्वारा आगे भी समय-समय पर इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने टूर्नामेंट में खेली 164 टीमों के सभी खिलाडियों के शानदार प्रदर्शन के लिये उन्हे बधाई दी और कहा कि इस तरह का आयोजन आगे भी विधायक डॉ. सिकरवार द्वारा करवाए जाते रहेंगे। अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
तृतीय स्थान के लिये हुआ मैचः-
एम.एल.बी कॉलेज खेल मैदान पर सबसे पहले सायं 5 बजे से टूर्नामेंट में तृतीय विजेता के लिये मैच वार्ड क्रमांक 22 एवं 23 की टीम 22/डी एवं 23/ए के मध्य खेला गया। टीम 23/ए ने टॉस जीतकर पहले बालिंग की। जिस पर टीम 22/डी ने 10 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाये। जिसके विरूद्ध टीम 23/ए ने 9 ओवर 2 बाल में 76 रन बनाये और जीत हासिल की। मैन ऑफ द मैच 3 विकेट लेने पर राहुल को मिला। इसके साथ ही टीम 23/ए ने टूर्नामेंट में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबलाः-
टूर्नामेंट का अंतिम एवं फाइनल मैच में मुकाबला वार्ड क्रमांक 18 की टीम 18/एफ एवं वार्ड क्रमांक 60 की टीम 60/एच के बीच हुआ। टीम 60/एच ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग की और 10 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाये। जिसके विरूद्ध टीम 18/एफ ने 7 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 62 रन बनाये और फाइनल मैच की विजेता बनी। मैन ऑफ द मैच 5 विकेट लेने वाले अशरफ खान को मिला।
यह दिये गये पुरस्कारः-
विजेता वार्ड क्रमांक 18 की टीम 18/एफ को एक लाख रूपये का नगद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता वार्ड क्रमांक 60 की टीम 60/एच को 51 हजार रूपये का नगद पुरस्कार दिया गया। तीसरे स्थान पर वार्ड क्रमांक 23 की टीम 23/ए को 31 हजार रूपये नगद प्रदान किये गये। साथ ही विजेता, उपविजेता एवं तीसरे स्थान की टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी टीम 60/एच के रामनिवास यादव को टी.वी.एस. स्पोर्ट 110 सी.सी. बाइक दी गई। वहीं सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज नवनीत संधू, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज राहुल शर्मा एवं सर्वश्रेष्ठ विकेट कीपर रवि सिकरवार को 11000-11000 रूपये नगद पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही 21 टीमों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एवं खेलभावना के लिये सांत्वना टीम पुस्कार के रूप में 5100-5100 रूपये नगद दिये गये। टूर्नामेंट में 161 खिलाडी मैन आफ द मैच रहे उन सभी को 1100-1100 रूपये नगद प्रदान किये गये।
