विश्व नम्बर एक बनीं मुक्केबाज जैस्मीन लम्बोरिया

प्रिया और विश्वनाथ टॉप-3 में, भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय मुक्केबाजी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ताजा वर्ल्ड बॉक्सिंग रैंकिंग में मौजूदा विश्व चैम्पियन जैस्मीन लम्बोरिया ने महिला 57 किलोग्राम वर्ग में दुनिया की नंबर-1 मुक्केबाज बनकर नया मुकाम हासिल किया है। वहीं एशियाई चैम्पियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता प्रिया घनघस (60 किलोग्राम) और विश्वनाथ सुरेश (50 किलोग्राम) भी अपने-अपने भार वर्ग में शीर्ष-3 में जगह बनाने में सफल रहे हैं।

भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा रैंकिंग में साफ दिखाई दिया। महिला वर्ग की 10 में से 9 और पुरुष वर्ग की 10 में से 8 भार श्रेणियों में भारत के मुक्केबाज टॉप-10 में शामिल हैं। महिला वर्ग में मीनाक्षी ने 48 किलोग्राम वर्ग में अपना विश्व नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है। वहीं जैस्मीन लम्बोरिया, जिन्होंने इस साल एशियाई चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था, एक स्थान की छलांग लगाकर 57 किलोग्राम वर्ग में दुनिया की नंबर-1 मुक्केबाज बन गई हैं। इसके अलावा प्रीति पंवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 54 किलोग्राम वर्ग में पांच स्थान की छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया है।

विश्व कप पदक विजेता अरुंधति चौधरी (70 किलोग्राम), पूजा रानी (80 किलोग्राम) और नूपुर (+80 किलोग्राम) अपनी-अपनी श्रेणियों में दूसरे स्थान पर काबिज हैं। हालांकि दो बार की विश्व चैम्पियन निकहत जरीन (51 किलोग्राम) एक स्थान फिसलकर चौथे नम्बर पर पहुंच गई हैं। वहीं ओलम्पिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किलोग्राम) सातवें स्थान पर बनी हुई हैं।

पुरुष वर्ग में भी भारतीय मुक्केबाजों की मजबूत मौजूदगी

पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच (60 किग्रा) और नरेंद्र बरवाल (90+ किग्रा) पहली बार टॉप-5 में जगह बनाने में सफल रहे हैं। विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता हितेश गुलिया (70 किग्रा) एक स्थान नीचे खिसककर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि अभिनाश जमवाल (65 किग्रा) आठवें स्थान पर हैं। इसके अलावा आकाश (75 किग्रा) और लोकेश (85 किग्रा) भी टॉप-10 में शामिल हो गए हैं और दोनों आठवें स्थान पर हैं।

विश्व स्तर पर भारत का दबदबा

ताजा रैंकिंग के अनुसार भारत दुनिया में टॉप-10 रैंक वाले मुक्केबाजों की संख्या के आधार पर तीसरे स्थान पर है। महिला मुक्केबाजी में भारत दूसरे स्थान पर है। पुरुष वर्ग में भारत चौथे स्थान पर बना हुआ है। यह प्रदर्शन दर्शाता है कि भारतीय मुक्केबाजी लगातार वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रही है।

टॉप-10 के करीब भी कई भारतीय

महिला वर्ग में परवीन (60 किलोग्राम) 13वें और अंकुशिता बोरो (65 किलोग्राम) 11वें स्थान पर हैं। पुरुष वर्ग में अंकुश (80 किग्रा) 11वें, दीपक (70 किग्रा) 12वें और जुगनू (85 किग्रा) 14वें स्थान पर हैं। इसके अलावा हर्ष चौधरी (90 किग्रा) 10वें, जबकि सुमित (75 किग्रा) और कुमार नवीन (90 किग्रा) 18वें स्थान पर काबिज हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स