पंडोरिया हाउस ने जीती श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर हॉकी प्रतियोगिता

खिताबी मुकाबले में अंकित पाल हाउस को 3-2 से किया पराजित

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। पंडोरिया हाउस ने अंकित पाल हाउस को 3-2 से पराजित कर श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी प्रतियोगिता जीत ली। फाइनल मैच का प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड कृष्ण मिलन को प्रदान किया गया। पारितोषिक वितरण भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री लोकेन्द्र पाराशर ने किया।

गुरुवार शाम स्थानीय दर्पण मिनी स्टेडियम में श्री ज्ञान प्रकाश भटनागर स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल खेला गया। रोमांचक फाइनल में पंडोरिया हाउस ने अंकित पाल हाउस पर शानदार विजय हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की। मैच के प्रारम्भ में पंडोरिया हाउस के कृष्ण मिलन ने शानदार मैदानी गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी तभी मैच के 15वें मिनट में अंकित पाल एकादश की टीम ने जवाबी आक्रमण किया। नंदिता शर्मा, सिद्धार्थ राठौर, मानिक बर्मन के शानदार मूव पर माणिक वर्मा ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

बराबरी का गोल खाने के बाद पंडोरिया हाउस ने जवाबी आक्रमण किया फलस्वरूप टीम की कप्तान अन्यया तोमर ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया। मैच के उत्तरार्ध में अंकित पाल एकादश ने सामूहिक प्रयास से आक्रमण किया जिसके चलते टीम को पेनल्टी कॉर्नर प्राप्त हुआ जिसे प्रशांत गोयल ने गोल में तब्दील कर स्कोर 2-2 बराबर कर दिया। मैच के अंतिम मिनट में टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी कृष्ण मिलन ने खूबसूरत मैदानी गोल कर अपनी टीम को 3-2 से विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई। कृष्ण मिलन को फाइनल मैच का प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि लोकेंद्र पाराशर ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का बेहतरीन मंच है। आप सभी खिलाड़ी अपने प्रशिक्षक के बताएं मार्ग पर चलते हुए लगातार अभ्यास करें एवं आने वाले समय में प्रदेश और देश को गौरवान्वित करें। विशिष्ट अतिथि शिवांगी ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम के सभी नवोदित खिलाड़ी बहुत ही प्रतिभावान हैं हमें आशा है कि यह खिलाड़ी आने वाले समय में हॉकी के स्वर्णिम युग की वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

एस.आई.सी.एस. संस्थान की ओर से संतोष पांडेय ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को टी शर्ट प्रदान कीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीपुल्स समाचार पत्र के सम्पादक अर्पण राउत ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बीके सूद, कमल किशोर, मनोज परिहार, अर्जुन शर्मा उपस्थित रहे।  कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव विवेक पिसाल, श्याम श्रीवास्तव, आयोजन अध्यक्ष अविनाश भटनागर, टूर्नामेंट डायरेक्टर दिलशाद खान, नीरज शर्मा, रईस कुरैशी, दीपा शर्मा आदि ने किया। कार्यक्रम का संचालन अविनाश भटनागर ने किया।

रिलेटेड पोस्ट्स