ग्वालियर की होनहार नंदिता नेपाल में मचाएगी धमाल
ग्वालियर की बेटी का भारतीय सॉफ्ट हॉकी टीम में चयन
नेपाल में आज से खेली जाएगी साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैम्पियनशिप
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। नेपाल की राजधानी काठमांडू में 20 से 22 मई तक होने वाली प्रथम साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैम्पियनशिप में ग्वालियर की बेटी नंदिता शर्मा भी धमाल मचाएगी। होनहार नंदिता शर्मा को भारतीय महिला सॉफ्ट हॉकी टीम में शामिल किया गया है।
मध्य प्रदेश एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन के सचिव एवं हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि नेपाल के काठमांडू शहर में प्रथम साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैम्पियनशिप खेली जाएगी। चैम्पियनशिप में भारत, पाकिस्तान, भूटान एवं मेजबान नेपाल की टीमें में भाग ले रही हैं।
भटनागर ने बताया कि मध्य प्रदेश के लिए यह पहला अवसर है जब किसी खिलाड़ी का चयन भारतीय सॉफ्ट हॉकी टीम में हुआ है। नंदिता शर्मा ग्वालियर के दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की अविनाश भटनागर की प्रशिक्षणार्थी हॉकी खिलाड़ी हैं। नंदिता शर्मा के चयन पर मध्य प्रदेश सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन की ओर से डॉ. बृजकिशोर, जितेंद्र शर्मा, मनोज परिहार, रईस कुरैशी, विवेक पिशाल, अर्जुन शर्मा, दिलशाद खान, राजू चौहान,कृतिका चंद्र, सोनम रजक, निक्की कौशल, वीरेंद्र भदौरिया आदि ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
