हॉकी इंडिया ने झारखंड के कोच सुधीर गोला को हटाया
मोरहाबादी स्थित एकलव्य हॉकी प्रशिक्षण केन्द्र में तैनात थे
खेलपथ संवाद
भोपाल। हॉकी इंडिया ने कड़ा एक्शन लेते हुए कोच सुधीर गोला को हटा दिया है। हॉकी इंडिया ने यह निर्णय खिलाड़ियों की शिकायत के बाद लिया है। प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने कोच के खिलाफ नियमित प्रशिक्षण नहीं कराने, लगातार अनुपस्थित रहने तथा दुर्व्यवहार करने संबंधी शिकायतें की थीं। इस मामले ने इस बात के संकेत दिए हैं कि क्या महिला कुश्ती की तरह महिला हॉकी भी सुरक्षित नहीं है। खैर, मामले को लेकर तरह तरह की बातें हो रही हैं।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अंडर-18 राष्ट्रीय कोचिंग कैम्प के तहत भारतीय और आस्ट्रेलियाई जूनियर टीमों के बीच रोमांचक अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जा रही है। यह आयोजन आगामी अंडर-18 एशिया कप की तैयारियों के लिए राजधानी में एक्शन का मुख्य केंद्र बना हुआ है। इसी बीच झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय ने मोरहाबादी स्थित एकलव्य हॉकी प्रशिक्षण केन्द्र बालक-बालिका में कोच पद पर तैनात सुधीर गोला को तत्काल प्रभाव से प्रशिक्षण कार्य से हटा दिया है।
विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने कोच के खिलाफ नियमित प्रशिक्षण नहीं कराने, लगातार अनुपस्थित रहने और बालिका खिलाड़ियों के साथ दुर्व्यवहार करने संबंधी शिकायतें की थीं। आदेश के अनुसार, पूर्व में भी सुधीर गोला के खिलाफ मौखिक शिकायतें मिलती रही हैं। हाल के दिनों में वह बिना अनुमति के दो सप्ताह से अधिक समय तक प्रशिक्षण केंद्र से अनुपस्थित पाए गए, जिससे खिलाड़ियों का प्रशिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था।
इधर, हॉकी कोच करूणा पूर्ति को अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हुए मोरहाबादी स्थित एकलव्य हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। इस बारे में खेल निदेशक आसिफ इकराम ने बताया कि हॉकी इंडिया की ओर से सुधीर गोला को भोपाल बुलाया गया है, लेकिन उन्होंने खेल निदेशालय को इसकी जानकारी नहीं दी। सीरीज़ के शेष मैच 17 मई और 18 मई (क्रमशः शाम और दोपहर) तथा 20 मई (सुबह) को खेले जाएंगे। ये मुकाबले 29 मई से जापान के काकामिगहारा में होने वाले एशिया कप के लिए अंतिम भारतीय टीम चुनने का मुख्य आधार होंगे।
