खेल किट पाकर खिले हॉकी प्रतिभाओं के चेहरे
समर कैम्पों से निखरती है खेल प्रतिभाः महेंद्र सिंह यादव
खेलपथ संवाद
मथुरा। बच्चों खूब खेलो, अपने प्रशिक्षक के रास्ते पर चलकर अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करो। ग्रीष्मकालीन शिविर में आपको अपनी प्रतिभा निखारने का जो मौका मिला है, उसका सदुपयोग करो। यह उत्साहवर्धक बातें खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्थानीय दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम पर चल रहे ग्रीष्मकालीन हॉकी प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन करने के बाद मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह यादव (प्रशासक, अपेक्स बैंक मध्य प्रदेश) ने होनहार खिलाड़ियों से कीं। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभाओं को किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इससे पहले मुख्य अतिथि का स्वागत विवेक पिशाल, वीरेंद्र भदौरिया, अविनाश भटनागर, बच्चन यादव, संजय यादव, रूप सिंह, रामनरेश गुर्जर, पुष्पेंद्र शर्मा, नरेश डगरोलिया, घनश्याम पंत, पवन जाट ने किया। तदुपरांत मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। श्री यादव ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि ग्रीष्मकालीन शिविर में अनुशासन के साथ प्रशिक्षक के बताएं रास्ते पर चलते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करें और दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के नाम को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करें।
इस अवसर पर नवोदित खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक एवं सिन गार्ड आदि का वितरण किया गया, कार्यक्रम का संचालन कर रहे हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं दर्पण हॉकी फीडर केंद्र की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया की दर्पण मिनी स्टेडियम से प्रशिक्षण प्राप्त सात खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश शासन का सर्वोच्च खेल अवॉर्ड विक्रम अवार्ड एवं एकलव्य अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
कोच अविनाश भटनागर ने बताया कि दर्पण हॉकी फीडर सेंटर मध्य प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ हॉकी फीडर सेंटर है इस मैदान में एस्ट्रो टर्फ लगाया जाना जरूरी है। मुख्य अतिथि ने शीघ्र ही एस्ट्रो टर्फ लगाए जाने का आश्वासन दिया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्य प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ हॉकी फीडर सेंटर दर्पण हॉकी फीडर सेंटर ग्वालियर के खिलाड़ियों को मंगलवार को नई किट प्रदान की गई। किट मिलते ही सभी खिलाड़ियों के चेहरे पर मुस्कान देखी गई।
