फ्रेंडली मैच से हुआ विधायक प्रीमियर क्रिकेट लीग का आगाज

महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने बल्लेबाजी कर दिया खेलभावना का संदेश

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में विधायक प्रीमियर लीग 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को एम.एल.बी मैदान में शुभारम्भ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों को खेलभावना का संदेश दिया। ग्वालियर ग्रामीण विधायक साहब सिंह गुर्जर और म.प्र. यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता शुभारंभ अवसर पर टूर्नामेंट में शामिल सभी 164 टीमों ने एक साथ एम.एल.बी. खेल मैदान में पहुंचकर आयोजन को भव्यता प्रदान की। मैदान में हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे। विधायक प्रीमियर क्रिकेट लीग का शुभारंभ अतिथियों द्वारा शांति का प्रतीक सफेद कबूतर को हवा में आजाद छोड़कर किया गया। न्यास के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम के अतिथियों ने टूर्नामेंट आयोजक न्यास के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार की जमकर तारीफ की। कार्यक्रम में स्वागत भाषण संयोजक डॉ. राकेश अग्रवाल ने दिया एवं कार्यक्रम का संचालन न्यास के सचिव अवधेश कौरव ने किया। अतिथियों का स्वागत उपाध्यक्ष विनोद जैन, सह-संयोजक संजय कट्ठल, कोषाध्यक्ष अवध सिंह धाकरे, न्यासी आदित्य सिंह सिकरवार ने किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने खिलाडियों एवं दर्शकों को सम्बोधित करते हुये कहा कि खेल का वातावरण खिलाड़ियों के लिए बहुत ही प्रतियोगी और चुनौतीपूर्ण हो जाता है, इसलिए वे चुनौतियों को सामने रखकर उन पर ध्यान केंद्रित कर पाते हैं। खेल शारीरिक सुन्दरता एवं मानवता निर्माण में सहायक होते है, खेल अनुशासन सीखाते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये ग्वालियर ग्रामीण से विधायक साहब सिंह गुर्जर ने कहा कि मैं न्यास के पदाधिकारियों एवं बडे भाई विधायक डॉ. सतीश सिकरवार को इस टूर्नामेंट के आयोजन के लिये बधाई देता हूं। आज इस मैदान पर सभी टीमों के खिलाडियों ने अनुशासन का परिचय दिया है। विधायक साहब सिंह ने कहा कि डॉ. सिकरवार द्वारा पहले भी कई बार क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन कराया गया है और उनसे प्रेरित होकर ही मैंने भी ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा में टूर्नामेंट का आयोजन किया था।

उन्होंने कहा कि खेल को हमें खेलभावना, अनुशासन और हौसले के साथ खेलना चाहिए। खेल में जीत और हार तो मैदान में होती रहती है, लेकिन खेल रूकना नहीं चाहिए तभी आप जीत पायेंगे। इस टूर्नामेंट को देखकर मुझे अपने छात्र जीवन की याद आ गई। विधायक साहब सिंह ने कहा कि खेल में हारने पर अपने आपको हारा न मानें, आगे और तैयारी करें सफलता जरूर प्राप्त होगी।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि म.प्र. यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश. घनघोरिया ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि इस टूर्नामेंट की भव्यता को देखकर लग रहा है, जैसे कि प्रदेश स्तर का टूर्नामेंट हो रहा है। मैं इस टूर्नामेंट के आयोजक बडे भाई डॉ. सतीश को टूर्नामेंट आयोजन के लिये बधाई देता हूं और आज मैं अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।

न्यास के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने खिलाडियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि न्यास द्वारा टूर्नामेंट के मैचों के दौरान सभी व्यवस्थायें की जायेंगी। सभी खिलाडियों को स्मृति चिह्न दिये जायेंगे, जोकि आपको इस टूर्नामेंट में शामिल होने की याद दिलायेंगे। यह टूर्नामेंट उन खिलाडियों के लिये महत्वपूर्ण है, जो गली-मोहल्लों में क्रिकेट खेलते हैं। न्यास द्वारा आज उन्हें आगे बढने के लिये प्लेटफार्म दिया जा रहा है।

दूधिया रोशनी और आतिशबाजी से चमका मैदानः-

टूर्नामेंट शुभारंभ के अवसर पर एम.एल.बी. कॉलेज खेल मैदान दूधिया रोशनी में चमक रहा था। जैसे भी सभी 164 टीमों के खिलाडियों ने फ्लेग लेकर मैदान में मार्च निकाला तो आतिशबाजी की गई, जिससें पूरा मैदान और आसमान चमक उठा।

पेयजल एवं पार्किंग की व्यवस्था की गईः-

न्यास द्वारा मैदान पर दर्शकों के लिये पेयजल एवं वाहन पार्किंग की निःशुल्क व्यवस्था की गई। जिससे कि दर्शकों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। विधायक प्रीमियर क्रिकेट लीग 2026 का शुभारंभ टीम 18/एफ एवं 56/वाय के फ्रेंडली मैच खेला गया।

आज होंगे इन टीमों के मैचः-

दिनांक 9 मई को एम.एल.बी काॅलेज के खेल मैदान में सायं 4 बजे से क्रिकेट मैच खेले जायेंगे। पहला मैच सायं 4 बजे टीम 21/ए एवं टीम 21/जी के मध्य खेला जायेगा। इसी क्रमशः में दूसरा मैच सायं 5 बजे से टीम 20/सी एवं टीम 20/ई के मध्य, तीसरा मैच टीम सायं 6 बजे से 57/ए एवं टीम 57/के मध्य, चौथा मैच सायं 7 बजे से टीम 56/ए एवं टीम 56/जेड के मध्य, अंतिम पांचवा मैच सायं 8 से टीम 45/ए एवं टीम 45/एम के मध्य होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स