नियमित हॉकी खेलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करोः डी.सी. तिवारी
प्रशिक्षक जो बताए उस पर अमल करो, अनुशासन से नियमित अभ्यास करो
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्थानीय दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम में चल रहे ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को शिल्प मेला कमेटी के अध्यक्ष डी.सी. तिवारी, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं ऑडिट ऑफीसर मनोज परिहार तथा प्रवीण सिंह ने अवलोकन किया। अतिथियों ने नवोदित प्रतिभाओं से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया।
अध्यक्ष डी.सी. तिवारी ने होनहारों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि बच्चों ग्रीष्मकालीन हॉकी प्रशिक्षण शिविर के उपरांत भी नियमित हॉकी खेलिए तथा अच्छा खिलाड़ी बनकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करिए। राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मनोज परिहार ने खिलाड़ियों से प्रशिक्षक के बताए रास्ते पर चलकर कठोर परिश्रम के द्वारा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की बात कही वहीं प्रवीण सिंह ने खिलाड़ियों को अनुशासन और नियमित अभ्यास के द्वारा श्रेष्ठ खिलाड़ी बनने का मंत्र दिया।
दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने अतिथियों को अवगत कराया की दर्पण हॉकी फीडर सेंटर मध्य प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ हॉकी फीडर सेंटर है, यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर 7 खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश शासन के सर्वोच्च खेल पुरस्कार विक्रम एवं एकलव्य अवॉर्ड प्राप्त किया है। इतना ही नहीं 50 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को हॉकी के माध्यम से स्पोर्ट्स कोटा के तहत विभिन्न विभागों में नौकरी भी प्राप्त हुई है! पूर्व में अतिथियों का स्वागत अविनाश भटनागर, संगीता दीक्षित, विवेक पिसाल, पुष्पेंद्र शर्मा, नरेश डगरोलिया आदि ने किया।
