थॉमस कप के सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम
दिग्गज विमल कुमार ने कहा- खिलाड़ियों ने असाधारण प्रदर्शन किया
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। पूर्व चैम्पियन भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने डेनमार्क के हॉरसेन में चल रहे थॉमस कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे को 3-0 से हराकर थॉमस कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय टीम के इस प्रदर्शन को दिग्गज शटलर बड़ी सफलता मान रहे हैं।
लक्ष्य सेन ने चाउ तिएन चेन को 18-21, 22-20 और 21-17 से, मेन्स डबल्स में सात्विक साईराज/चिराग शेट्टी की जोड़ी ने चिन शियांग/वांग चिन लिन को 23-21, 19-21 और 21-12 से, और फिर सिंगल्स में आयुष शेट्टी ने लिन चुन यी को 21-16, 21-17 से हराकर कमाल कर दिया। इसके साथ ही पूर्व चैम्पियन भारतीय पुरुष टीम ने बैडमिंटन की टीम वर्ल्ड चैम्पियनशिप में भी प्रवेश कर लिया।
भारतीय बैडमिंटन कोच विमल कुमार इस जीत पर कहते हैं, “चीनी ताइपे जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भारत की 3-0 की जीत सिर्फ एक नतीजा नहीं है यह एक बड़ा संकेत है।” वो सिंगल्स में लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी के गेम की तारीफ़ करते हुए कहते हैं, “लक्ष्य सेन और भरोसेमंद जोड़ी सात्विक-चिराग ने एक चैम्पियन की तरह दमदार प्रदर्शन किया और टीम को सही शुरुआत दिलाई।"
विमल कुमार ने आगे कहा,"इस जीत को और भी खास बनाता है आयुष का असाधारण प्रदर्शन। जो सचमुच लाजवाब रहा। दुनिया के सबसे आक्रामक खिलाड़ियों में से एक और मौजूदा ऑल इंग्लैंड चैम्पियन के सामने, आयुष ने कमाल का संयम दिखाया। निडर आक्रमण और अनुशासित डिफेंस के बीच उनका संतुलन देखकर विरोधी के पास कोई जवाब नहीं था।
कोच विमल कुमार आयुष के मेंटल स्ट्रेंथ की ख़ासकर तारीफ़ करते हुए कहते हैं, “उस स्तर पर, उस दबाव में इस तरह दबदबा बनाना उनके स्वभाव और क्षमता के बारे में बहुत कुछ कहता है। यह सिर्फ जश्न मनाने वाली जीत नहीं है, यह याद रखने वाला प्रदर्शन है। एक ऐसा प्रदर्शन जो भरोसे, तैयारी और भारतीय बैडमिंटन की बढ़ती ताकत को दर्शाता है। टीम को गर्व करने का पूरा हक है और शायद सबसे अहम बात, इस तरह की जीत आगे के सफर के लिए विश्वास पैदा करती है।”
पूर्व पदक विजेता भारतीय महिला टीम (2014, 2016 में ब्रॉन्ज़ मेडल्स) उबेर कप 2026 के ग्रुप-ए में तीसरे स्थान पर रही और टूर्नामेंट से बाहर हो गई। 29 अप्रैल को चीन ने भारत को 5-0 से हरा दिया था। जबकि, डेनमार्क से भारत को 2—3 से हार का सामना करना पड़ा। उससे पहले भारत ने यूक्रेन को 4-1 से शिकस्त दी थी।
