भारतीय पैरालम्पिक समिति ने कोच नवल सिंह को किया बर्खास्त

सुमित अंतिल-नीरज चोपड़ा ने लगाए थे उत्पीड़न के आरोप

बजरंग पूनिया ने की तेज और निष्पक्ष जांच की मांग

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय पैरालम्पिक समिति (पीसीआई) ने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच नवल सिंह को उत्पीड़न के आरोपों के बाद पद से हटा दिया है। पीसीआई अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने रविवार को इस फैसले की पुष्टि की। दो बार के पैरालम्पिक पदक विजेता सुमित अंतिल ने कोच नवल सिंह पर मानसिक उत्पीड़न और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया था। इस मामले में उन्होंने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) से औपचारिक शिकायत भी की थी।

सुमित अंतिल को इस मुद्दे पर टोक्यो ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा का भी समर्थन मिला। शिकायत में देश के कई शीर्ष एथलीट्स ने भी हस्ताक्षर किए, जिसमें कोच पर बार-बार अपमानजनक भाषा और मानसिक दबाव बनाने के आरोप लगाए गए। यह लिखित शिकायत 10 अप्रैल को साई को सौंपी गई थी। सुमित अंतिल ने बताया कि उन्होंने पहले साई अधिकारियों से इस मुद्दे पर बात की थी, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया।

नवल सिंह को पिछले साल द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह भारतीय जैवलिन थ्रो एथलीट्स को ट्रेनिंग देने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। हालांकि, लगातार शिकायतों के बाद पीसीआई बोर्ड ने उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का निर्णय लिया।

ओलम्पिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया ने पैरा-एथलीटों द्वारा द्रोणाचार्य अवॉर्ड विजेता भाला फेंक कोच नवल सिंह पर लगाए गए मानसिक उत्पीड़न और अभद्र भाषा के आरोपों की तेज और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, चैम्पियनों को मैदान में पसीना बहाना चाहिए, न कि उत्पीड़न से जूझना चाहिए।

पूनिया ने एक्स पर लिखा, 'सुमित अंतिल द्वारा लगाए गए मानसिक उत्पीड़न के आरोप बेहद गम्भीर हैं। हमारे चैम्पियनों को मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहिए, न कि सिस्टम के भीतर होने वाले दुर्व्यवहार से जूझना चाहिए। मैं अधिकारियों से अपील करता हूं कि इस मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।'

रिलेटेड पोस्ट्स