शटलर आयुष शेट्टी ऐतिहासिक खिताब से बस एक जीत दूर
दिनेश खन्ना ने 1965 में जीता था एशिया बैडमिंटन चैम्पियनशिप का एकल खिताब
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। आयुष शेट्टी ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कुनलावुत विटिडसर्न को हराकर बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप-2026 के फाइनल में जगह बना ली। यह उनके करियर की सबसे बड़ी जीत है। 20 साल के इस भारतीय खिलाड़ी ने शनिवार को निंगबो में एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 10-21, 21-19, 21-17 से एक यादगार जीत दर्ज की।
इसी के साथ वह भारत का 61 साल का इंतजार खत्म करने से महज एक जीत दूर हैं। भारत ने सिंगल में पिछले 61 साल से यह चैम्पियनशिप नहीं जीती है। दिनेश खन्ना इस खिताब को जीतने वाले एकमात्र भारतीय हैं। उन्होंने 1965 में इस चैम्पियनशिप में मैंस सिंगल्स कैटेगरी का गोल्ड मेडल जीता था।
पेरिस 2024 के सिल्वर मेडलिस्ट का सामना करते हुए आयुष शुरुआत में ही बैकफुट पर आ गए और पहला गेम आसानी से हार गए, मगर इसके बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी की और धीरे-धीरे मैच का रुख अपनी ओर मोड़ लिया। उन्होंने विटिडसर्न के हर पॉइंट का जवाब दिया और फिर निर्णायक गेम में पूरी तरह से मैच पर अपना नियंत्रण बना लिया।
