पुडुचेरी की हॉकी बेटियों ने राजस्थान को 10-0 से हराया
16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप
खेलपथ संवाद
रांची। झारखंड के रांची में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के चौथे दिन डिवीजन 'सी' में ले पुडुचेरी हॉकी और केरल हॉकी ने जीत हासिल की, जबकि डिवीजन 'बी' में हॉकी हिमाचल, तमिलनाडु हॉकी यूनिट और दिल्ली हॉकी ने अपने-अपने मैच जीते। पुडुचेरी की बेटियों ने राजस्थान को 10 की करारी शिकस्त देकर अपने सुनहरे भविष्य की झलक दिखाई।
दिन के पहले मैच में, पूल बी, डिवीजन 'सी' में ले पुडुचेरी हॉकी ने हॉकी राजस्थान पर 10-0 से शानदार जीत दर्ज की। ले पुडुचेरी हॉकी की ओर से ज्ञानेश्वरी गिराका (2', 25', 28', 48'), चंचल (26', 54', 55'), हरिदर्शनी (18'), थारिणी एस (30') और कप्तान कनागश्री (47') ने गोल दागे। डिवीजन 'सी', पूल ए के एक मुकाबले में केरल हॉकी ने तेलंगाना हॉकी को 4-1 से हराया। केरल हॉकी की ओर से परमेश्वरी पिनापोथुला (6', 10'), निरंजना प्रदीप (20') और कप्तान रेशमा समद (48') ने गोल किए, जबकि तेलंगाना हॉकी की ओर से एकमात्र गोल आनंदी महानंद (20') ने किया।
16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 के डिवीजन 'सी' के समापन अवसर पर, गोवा हॉकी और हॉकी जम्मू और कश्मीर ने क्रमशः पूल ए और बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। डिवीजन 'बी', पूल बी में हॉकी चंडीगढ़ और हॉकी उत्तराखंड के बीच 2-2 से ड्रॉ रहा। हॉकी चंडीगढ़ के लिए अनु (27वें और 37वें मिनट) ने शानदार दो गोल दागे, जबकि हॉकी उत्तराखंड की कप्तान मीनाक्षी (49वें मिनट) और गुनगुन कटारिया (60वें मिनट) ने गोल किए।
डिवीजन 'बी' के पूल बी के एक अन्य मैच में हॉकी हिमाचल ने हॉकी कर्नाटक को 3-1 से हराया। विजयी टीम के लिए शानवी शर्मा (20वें और 33वें मिनट में) और आरुषि (7वें मिनट में) ने गोल दागे। हॉकी कर्नाटक की ओर से एकमात्र गोल सरस्वती एचवाई (39वें मिनट में) ने किया। पूल ए, डिवीजन बी के मैच में तमिलनाडु हॉकी यूनिट ने असम हॉकी पर 5-1 से शानदार जीत दर्ज की। तमिलनाडु हॉकी यूनिट के लिए जोनिषाडेफनी एमजे (17वें, 42वें और 55वें मिनट) ने शानदार हैट्रिक बनाई, जबकि कप्तान कनिष्क एसएस (24वें मिनट) और जी स्वाति (36वें मिनट) ने भी गोल दागे।
असम हॉकी के लिए कलिता चयनिका (8वें मिनट) ने एक गोल दागा। दिन के आखिरी मुकाबले में दिल्ली हॉकी ने दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव हॉकी को 2-1 से हरा दिया। दिल्ली हॉकी की ओर से कप्तान दीपिका (5वें मिनट) और आश्ना कंबोज (42वें मिनट) ने गोल किए, जबकि दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव हॉकी की ओर से एकमात्र गोल प्रिया (43वें मिनट) ने किया।
