पांच भारतीय युवा मुक्केबाजों के पदक पक्के
क्वार्टर फाइनल में दर्ज की शानदार जीत
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारत के पांच मुक्केबाजों ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में शानदार जीत के बाद विश्व मुक्केबाजी फ्यूचर्स कप में पोडियम में जगह पक्की कर ली। गुंजन (48 किलोग्राम), जॉयश्री देवी (54 किलोग्राम), अंबेकर मीतेई (50 किलोग्राम), चंद्रिका पुजारी (51 किलोग्राम) और राधामणि लोंगजाम (57 किलोग्राम) की जीत से भारत की पदक की उम्मीदें और मजबूत हुईं। ये सभी सेमीफाइनल में पहुंच गए जिससे देश के लिए टूर्नामेंट में पांच पदक पक्के हो गए।
सुबह के सत्र में गुंजन ने अजरबेजान की गुलर हुसेनोवा पर 5-0 से जीत हासिल की, जबकि जॉयश्री देवी ने पहले दौर में रेफरी द्वारा मुकाबला रोकने (आरएससी) से जापान की यूरा कनेमारू को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। अंबेकर मीतेई ने पुरुषों के 50 किग्रा वर्ग में जापान के अकीरा उएकुबो पर 4-1 से जीत दर्ज की।
शाम के सत्र में दो और भारतीय मुक्केबाज आगे बढ़े जिसमें चंद्रिका पुजारी (51 किग्रा) ने दूसरे दौर में स्पेन की एंड्रिया बुएल्गा गार्सिया को आरएससी से हराया जबकि राधामणि लोंगजाम (57 किग्रा) ने इंग्लैंड की सिओभान हेली को 4-1 से मात दी। वहीं, साहिल दुहान (60 किग्रा) अपने आखिरी आठ मुकाबले में फ्रांस के डेविड हारुत्युनयान से 1-4 से हार गए।
