एफआईएच प्रो लीगः भारतीय पुरुष हॉकी टीम घोषित

मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन टीम संतुलन से खुश

राजस्थान की धावक पूजा डोप टेस्ट नहीं देने के कारण निलम्बित

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने राउरकेला के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दस से 15 फरवरी तक होने वाले एफआईएच प्रो लीग के पहले चरण के लिये 24 सदस्यीय भारतीय पुरूष टीम की घोषणा की। हॉकी इंडिया ने पिछले महीने 33 सम्भावित खिलाड़ियों की सूची जारी की थी जिसे अब घटाकर 24 कर दिया गया है। इस चरण में भारत के अलावा बेल्जियम और अर्जेंटीना की टीमें भाग लेंगी।

भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने एक विज्ञप्ति में कहा, 'टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है। हमारे पास रोशन कुजूर और मनमीत सिंह जैसे युवा हैं जबकि सीनियर खिलाड़ी भी टीम में हैं। यह संतुलन काफी जरूरी है। अर्जेंटीना और बेल्जियम बेहतरीन टीमें हैं और हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने उतरेंगे।' 24 फरवरी को स्पेन से और 22 तथा 25 फरवरी को आस्ट्रेलिया से खेलना है । लीग का यूरोपीय चरण जून में खेला जायेगा।

भारतीय टीम : गोलकीपर : सूरज करकेरा, पवन, डिफेंडर : अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, हरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय, नीलम संजीप सेस, अमनदीप लाकड़ा, मिडफील्डर : राजिंदर सिंह, मनमीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, हार्दिक सिंह, एम रबिचंद्र सिंह, नीलाकांता शर्मा, रोशन कुजूर, फॉरवर्ड : अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सेल्वम कार्ति, मनदीप सिंह, अराइजीत सिंह हुंडल, आदित्य अर्जुन लालागे।

धाविका पूजा डोप टेस्ट नहीं देने के कारण निलम्बित

नई दिल्ली। भारत की लम्बी दूरी की धाविका पूजा आत्माराम को डोप टेस्ट से बचने के कारण एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) ने अस्थायी तौर पर निलम्बित कर दिया है। पांच हजार और 10000  मीटर में भाग लेने वाली राजस्थान की पूजा 2024  में इंडियन ग्रांप्री 2 में तीसरे स्थान पर रही थीं।

पिछले साल लखनऊ में राष्ट्रीय क्रॉसकंट्री चैम्पियनशिप में वह 25वें स्थान पर रहीं। एआईयू ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, 'एआईयू ने भारत की पूजा आत्माराम को नमूना देने से बचने, मना करने या नहीं देने के कारण अस्थायी तौर पर निलम्बित कर दिया है। आरोप का नोटिस जारी कर दिया गया है।' पूजा को विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी की आचार संहिता की धारा 2.3 के उल्लंघन के कारण निलम्बित किया गया है।

रिलेटेड पोस्ट्स