साक्षी चौधरी को हरा मुक्केबाज पूनम पूनिया ने किया उलटफेर

राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैम्पियनशिपः निकहत-लवलीना सेमीफाइनल में पहुंचीं

खेलपथ संवाद

ग्रेटर नोएडा। युवा विश्व चैम्पियनशिप की पूर्व स्वर्ण पदक विजेता पूनम पूनिया ने गुरुवार को 54 किलोग्राम वर्ग में गत चैम्पियन साक्षी चौधरी को शिकस्त दी जिससे राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में पहला बड़ा उलटफेर हुआ। रेलवे की 23 वर्षीय मुक्केबाज और अंडर-22 एशियाई चैम्पियन पूनम ने आक्रमकता दिखाते हुए साक्षी पर 4-1 के विभाजित फैसले में जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में जगह बनाई।

नौवीं एलीट मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में दो बार की विश्व चैम्पियन निकहत जरीन (51 किलोग्राम) और टोक्यो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किलोग्राम) ने आराम से सेमीफाइनल में प्रवेश किया। निकहत ने मणिपुर की लांचेनबी चानू को सर्वसम्मत फैसले में हराया, जबकि लवलीना ने आंध्र प्रदेश की मोनिका कल्याणम बॉन्थू पर आरएससी (रेफरी द्वारा मुकाबला रोकना) से जीत दर्ज की।

मौजूदा विश्व चैम्पियन मीनाक्षी हुड्डा (48 किलोग्राम), राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता नीतू घनघस (51 किलोग्राम) और एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार (54 किलोग्राम) ने भी आराम से सेमीफाइनल में प्रवेश किया। हालांकि विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता परवीन हुड्डा (60 किलोग्राम) को कोहनी की चोट के कारण वॉकओवर देना पड़ा।

पुरुष वर्ग में विश्व कप पदक विजेता जादुमणी सिंह (55 किलोग्राम) ने पंजाब के निखिल को 5-0 सर्वसम्मत से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब जादुमणी का सामना सेमीफाइनल में सेना के साथी मुक्केबाज और 2019 विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता अमित पंघाल से होगा जिन्हें वॉकओवर मिला। वहीं, 2023 विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता मोहम्मद हुसामुद्दीन ने 60 किलोग्राम वर्ग में रेलवे के अनमोल को 4-1 के विभाजित फैसले से हराया और सेमीफाइनल में पहुंच गए।

विश्व कप फाइनल्स के रजत पदक विजेता अभिनाश जामवाल ने वेल्टरवेट (65 किलोग्राम) में उत्तर प्रदेश के अभिषेक यादव को सर्वसम्मत फैसले से पराजित किया। इसके अलावा पवन बर्तवाल (55 किलोग्राम) ने अरुणाचल प्रदेश के टायसन को हराया जबकि सचिन सिवाच (60 किलोग्राम) ने उत्तर प्रदेश के करण को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।

रिलेटेड पोस्ट्स