कलेक्टर और निगमायुक्त ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

84वीं अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण कप हॉकी प्रतियोगिता

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। 84वीं अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण कप हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन महाराष्ट्र इलेवन ने झारखण्ड इलेवन को हराकर एवं ए.एस.सी.बी. जालंधर ने विजय ग्रुप चण्डीगढ़ को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। मैच के प्रारंभ में कलेक्टर रुचिका चौहान और नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने दोनो टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

उपायुक्त सह खेल अधिकारी सत्यपाल सिंह चौहान ने बताया कि रेलवे हॉकी स्टेडियम में चल रही 84वीं अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्णकप हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन पहला मैच महाराष्ट्र इलेवन और झारखण्ड इलेवन के बीच हुआ। मैच एकतरफा रहा मैच में शुरू से महाराष्ट्र इलेवन की टीम ने बढ़त बनाये रखी और 7-1 से जीत दर्ज की। महाराष्ट्र की टीम से अंकित ने तीन, डेविड, विल्सन एवं विरसा ने एक-एक गोल किये। झारखण्ड की ओर से एकमात्र गोल वेंकटेश ने किया।

सहायक खेल अधिकारी अयोध्या शरण शर्मा ने बताया कि दूसरा मैच ए.एस.सी.बी. जालंधर और विजय ग्रुप ए.सी.डी. चण्डीगढ़ के बीच खेला गया। जालंधर की टीम ने लगातार बढ़त बनाये रखी तथा उसके खिलाड़ियों ने एक के बाद एक 6 गोल करते हुये मुकाबला 6-2 से अपने नाम किया। जालंधर की टीम से रोविन ने दो गोल, परमजीत, सूरज, प्रभदीप, मनीश ने एक-एक गोल किया वहीं विजय ग्रुप की टीम से रवि और हिमांशु ने एक-एक गोल किया।

आज के मैचः सहायक खेल अधिकारी जीतेन्द्र यादव ने बताया कि अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण कप हॉकी प्रतियोगिता के चौथे दिन 5 दिसम्बर पहला मैच 12.00 बजे आर्मी इलेवन न्यू दिल्ली और एन.सी.ओ.ई. लखनऊ के बीच खेला जायेगा वहीं दूसरा मैच दोपहर 2.00  बजे से सांई मणिपुर और आर.सी.एफ. कपूरथला के बीच खेला जाएगा।

रिलेटेड पोस्ट्स