जूनियर विश्व कप हॉकी में भारतीय बेटियों का जीत से आगाज

महिला टीम ने अपने पहले मुकाबले में नामीबिया को 13-0 से रौंदा

खेलपथ संवाद

सैंटियागो। चिली के सैंटियागो में महिला हॉकी जूनियर विश्व कप में कल भारत ने नामीबिया को 13-शून्य से हरा दिया। हिना बानो और कनिका सिवाच ने हैट्रिक तथा साक्षी राणा ने दो गोल किए। बिनीमा धन, सोनम, साक्षी शुक्ला, इशिका और मनीषा ने भी एक-एक गोल किया। भारत, जर्मनी, आयरलैंड और नामीबिया के साथ पूल सी में है।

भारत ने जूनियर महिला हॉकी विश्व कप अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए सोमवार को नामीबिया को 13-0 से करारी शिकस्त दी। टीम की ओर से हिना बानो और कनिका सिवाच ने हैट्रिक लगाई। इस जीत के साथ भारत ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

भारत के लिए हिना (35', 35', 45') और कनिका (12', 30', 45') ने तीन-तीन गोल किए। इसके अलावा साक्षी राणा (10', 23') ने दो गोल दागे, जबकि बिनीमा धन (14'), सोनम (14'), साक्षी शुक्ला (27'), इशिका (36') और मनिशा (60') ने भी एक-एक गोल किया। इस जीत के साथ भारत ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

पहले ही क्वार्टर में भारत ने चार मिनट के भीतर चार गोल दागकर मैच पर मजबूत पकड़ बना ली। साक्षी ने रिवर्स फ्लिक से शानदार शुरुआत की, जिसके बाद कनिका ने दूसरा गोल दागा। बिनीमा ने तेज रन के बाद तीसरा गोल किया और सोनम के गोल ने भारत को शुरुआती पंद्रह मिनट में 4-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा। साक्षी ने बेहतरीन दौड़ के बाद जोरदार स्ट्राइक से दूसरा गोल किया। इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर से छठा गोल आया। हाफ टाइम से ठीक पहले कनिका ने अपना दूसरा गोल कर भारत को 7-0 की बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में हिना ने जोरदार शॉट के साथ अपना पहला गोल दागा और एक मिनट बाद ही ढीली रिस्टार्ट का फायदा उठाकर दूसरा भी जोड़ दिया। पेनल्टी कॉर्नर पर आए रिबाउंड से इशिका ने दसवां गोल किया। इसके बाद एक और डिफ्लेक्शन पर हिना ने अपनी हैट्रिक पूरी की। कनिका ने भी पेनल्टी कॉर्नर से अपनी हैट्रिक पूरी कर भारत को 12-0 की बढ़त दिलाई। अंतिम क्वार्टर में बेंच के खिलाड़ियों को मौका दिया गया, लेकिन आक्रमण जारी रहा। अंत में मनिशा ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर भारत की 13-0 की एकतरफा जीत को अंतिम रूप दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स