तीसरे एशियाई युवा खेलों में अब तक भारत ने जीते 33 पदक

पदकों में छह स्वर्ण, बारह रजत और पंद्रह कांस्य पदक शामिल हैं

खेलपथ संवाद

मनामा। बहरीन के मनामा में जारी तीसरे एशियाई युवा खेल 2025 में भारत अब तक 33 पदक जीत चुका है। इन खेलों में भारत के कुल 222 खिलाड़ी (119 महिलाएं और 103 पुरुष)  21 खेलों में पदकों के लिए मुकाबला कर रहे हैं। इन खेलों में भारत अब तक छह स्वर्ण, बारह रजत और पंद्रह कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में 11वें स्थान पर है।

यह महाद्वीपीय प्रतियोगिता 12 साल बाद हो रही है। पिछली बार यह खेल 2013 में चीन के नानजिंग में हुए थे। एशियन यूथ गेम्स का यह तीसरा संस्करण है, जो 22 से 31 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि कुछ स्पर्धाएं 19 अक्टूबर से ही शुरू हो चुकी हैं।

भारत ने इस टूर्नामेंट में अपना सबसे बड़ा दल एथलेटिक्स में भेजा है, जिसमें 31 एथलीट शामिल हैं। इसके बाद कबड्डी (28), हैंडबॉल (16) और मुक्केबाजी (14) में भारतीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा ताइक्वांडो, कुश्ती और वेटलिफ्टिंग में भी 10-10 भारतीय खिलाड़ी मैदान में उतरे।

भारत का एशियाई युवा खेलों में अब तक का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। 2009 सिंगापुर में हुए पहले एशियाई युवा खेलों में भारत ने 11 पदक (5 स्वर्ण, 3 रजत, 3 कांस्य) जीते थे। जबकि 2013 नानजिंग संस्करण में भारतीय एथलीटों ने ओलम्पिक ध्वज के तहत हिस्सा लिया और 14 पदक (3 स्वर्ण, 4 रजत, 7 कांस्य) हासिल किए थे।

मनामा 2025 में 15 वर्षीय खुशी ने महिला 70 किलोग्राम कुराश इवेंट में कांस्य पदक जीतकर भारत को पहला मेडल दिलाया। इसके बाद कनिष्का बिधुरी और अरविंद ने भी कुराश में पदक अपने नाम किए। रंजना यादव ने गर्ल्स 5000 मीटर वॉक इवेंट में रजत पदक जीतकर एथलेटिक्स में भारत का खाता खोला।

भारतीय गर्ल्स कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को हराकर प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके बाद बॉयज टीम ने एक और कांस्य पदक जीता। प्रीतिस्मिता भोई ने वर्ल्ड यूथ रिकॉर्ड के साथ गर्ल्स 44 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क भारोत्तोलन स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया और इस तरह भारत के लिए प्रतियोगिता का पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता। एशियन यूथ गेम्स 2025 में अब तक भारत ने कुल 33 पदक -छह स्वर्ण, बारह रजत और पंद्रह कांस्य पदक जीते हैं। इस बीच, छह भारतीय मुक्केबाजों ने भी अपनी-अपनी स्पर्धाओं के फाइनल में जगह बनाई है और उनके पदक पक्के हो गए हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स