पहलवान अमन सहरावत विश्व चैम्पियनशिप से अयोग्य घोषित

ओलम्पिक हीरो को अधिक वजन पाए जाने की मिली सजा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में भाग ले रही भारतीय टीम को रविवार को तब करारा झटका लगा जब ओलम्पिक पदक विजेता अमन सहरावत को अधिक वजन पाए जाने के बाद जागरेब में चल रही प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित कर दिया गया।
पिछले वर्ष पेरिस ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाले अमन का वजन पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम स्पर्धा से पहले कराए गए वजन के दौरान 1.7 किलोग्राम अधिक पाया गया। भारतीय दल के एक सूत्र ने बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण और आश्चर्यजनक है कि अमन अपना वजन नियंत्रित नहीं रख सका। जब वह वजन मापने के लिए खड़ा हुआ तो 1700 ग्राम अधिक था। यह स्वीकार्य नहीं है।
उसका वजन इतना अधिक कैसे हो गया, यह हमारी समझ से परे है। विश्व कुश्ती की सर्वोच्च संस्था यूडब्ल्यूडब्ल्यू के 2023 के नियमों के अनुसार विश्व कप, यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग सीरीज टूर्नामेंट और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए दो किलोग्राम वजन की छूट की अनुमति है। विश्व चैम्पियनशिप और ओलम्पिक जैसी प्रतियोगिताओं में ऐसा प्रावधान नहीं है। अमन अन्य भारतीय पहलवानों के साथ अनुकूलन शिविर में भाग लेने के लिए 25 अगस्त को क्रोएशिया के जागरेब पहुंचे थे। उनके पास वजन कम करने के लिए पर्याप्त समय था।
छत्रसाल स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाले 22 वर्षीय अमन भारतीयों में पदक के प्रबल दावेदारों में से एक थे। एक महीने से भी कम समय में विश्व चैम्पियनशिप में किसी भारतीय के अयोग्य होने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले अगस्त में बुल्गारिया के समोकोव में अंडर-20 विश्व चैम्पियनशिप से नेहा सांगवान (महिला 59 किलोग्राम) को 600 ग्राम अधिक वजन होने के कारण बाहर कर दिया गया था।
नेहा जागरेब में भारत की सीनियर विश्व चैम्पियनशिप टीम का भी हिस्सा थीं, लेकिन भारतीय कुश्ती महासंघ ने न केवल उन्हें टीम से बाहर कर दिया था, बल्कि ‘‘वजन प्रबंधन संबंधी मुद्दों‘‘ के कारण उन्हें दो साल के लिए निलम्बित भी कर दिया था। किसी स्टार भारतीय खिलाड़ी के अधिक वजन का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले विनेश फोगाट को पेरिस ओलम्पिक में महिलाओं के 50 किलोग्राम फाइनल से पहले ही अयोग्य घोषित कर दिया गया था। स्वर्ण पदक मुकाबले से कुछ घंटे पहले उनका वज़न 100 ग्राम अधिक पाया गया था।