विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारतीय एथलीट दिखाएंगे दम

लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने उतरेंगे जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा
विश्व एथलेटिक्स में 19 सदस्यीय भारतीय दल कर रहा प्रतिभाग
खेलपथ संवाद
टोक्यो। ओलम्पिक में दो बार के पदक विजेता भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा शनिवार से शुरू हो रही विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से उतरेंगे। नीरज इस टूर्नामेंट में 19 सदस्यीय भारतीय टीम दल का नेतृत्व कर रहे हैं और देश की सबसे बड़ी पदक उम्मीद हैं।
नीरज ने 2023 में विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीता था और अगर वह एक बार फिर स्वर्ण जीतने में सफल रहे तो पुरुष भाला फेंक के इतिहास में लगातार दूसरा स्वर्ण जीतने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। पुरुष भाला फेंक की क्वालीफाइंग राउंड 17 सितम्बर को आयोजित होगी, जबकि18 सितम्बर को फाइनल होगा। नीरज इस दौरान स्वर्ण जीतने के प्रबल दावेदार होंगे। नीरज अगर लगातार दूसरा स्वर्ण जीतने में सफल रहे तो वह चेक गणराज्य के महान खिलाड़ी यान जेलेजनी (1993 और 1995) और ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (2019 और 2022) के बाद ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ होंगे। दिलचस्प बात यह है कि जेलेजनी ही फिलहाल नीरज के कोच हैं।
इस चैम्पियनशिप में नीरज के लिए सबसे बड़ी चुनौती पेरिस ओलंपिक के चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम से पार पाना रहेगी। दोनों खिलाड़ी एक साल से भी ज्यादा समय बाद एक दूसरा का सामना करेंगे। नीरज और नदीम पेरिस ओलंपिक में साथ खेले थे जहां पाकिस्तान का यह खिलाड़ी शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रहा था।
अब नीरज के पास पेरिस ओलंपिक का हिसाब चुकता करने का मौका भी रहेगा। नीरज के लिए यह आसान नहीं रहने वाला है क्योंकि उनके सामने अरशद नदीम के अलावा हाल में डायमंड लीग चैंपियन बने जूलियन वेबर (जर्मनी) की भी कड़ी चुनौती होगी। इसके अलावा एंडरसन पीटर्स, केन्या के 2015 विश्व चैंपियन जूलियस येगो, 2012 ओलंपिक चैंपियन केशोर्न वॉलकॉट (त्रिनिदाद और टोबैगो), अनुभवी वाडलेज, और ब्राजील के लुइज डा सिल्वा भी चुनौती पेश करेगें। डा सिल्वा ने पिछले महीने 91 मीटर की थ्रो के साथ 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था।
पुरुषों के भाला फेंक एथलीटों के अलावा, अन्नू रानी (महिला भाला फेंक), पारुल चौधरी (महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज), मुरली श्रीशंकर (पुरुष लंबी कूद), गुलबीर सिंह (पुरुष 5000 मीटर) और प्रवीण चित्रावेल (पुरुष त्रिकूद) भी फाइनल चरण तक पहुंचने की कोशिश करेंगे। इसमें सबसे ज्यादा अनुभवी 33 साल की अन्नु रानी पांचवीं बार विश्व चैम्पियनशिप में भाग ले रही है। उन्होंने इससे पहले 2017, 2019, 2022 और 2023 में भी इसमें हिस्सा लिया था। वह 2019 और 2022 में फाइनल चरण तक पहुंची थीं, जबकि बाकी दो बार क्वालिफिकेशन राउंड में ही बाहर हो गई थीं। 2024 में औसत प्रदर्शन के बा, वह इस साल अच्छी लय में हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ 62.59 मीटर रहा है।