भारतीय हॉकी बेटियों ने कोरिया को पढ़ाया पराजय का पाठ

सुपर 4 चरण में कोरिया को 4-2 से हराया, अब चीन की चुनौती
खेलपथ संवाद
हांगझू। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशिया कप में अपना विजयी क्रम जारी रखते हुए सुपर चार चरण के पहले मैच में कोरिया को 4-2 से हराया। यह इस प्रतिद्वंद्वी की छह मैचों में चौथी जीत है। पूल बी में सात अंक लेकर शीर्ष पर रही भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
भारत के लिए वैष्णवी विट्ठल फाल्के (दूसरे मिनट), संगीता कुमारी (33वें मिनट), लालरेमसियामी (40वें मिनट) और ऋतुजा दादासो पिसल (59वें) मिनट ने गोल दागे। कोरिया के लिए दोनों गोल यूजिन किम ने 33वें और 53वें मिनट में किए, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
भारत का अब अगला मुकाबला गुरुवार को चीन के साथ होगा। भारत ने शुरुआत में ही पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया और वैष्णवी की मदद से भारत ने खाता खोल लिया, जिन्होंने रिबाउंड पर गोल किया। उदिता के शुरुआती प्रयास को कोरियाई गोलकीपर ने रोक लिया था। संगीता के मैदानी गोल से भारत ने बढ़त पुख्ता कर ली। कोरिया की यूजिन ने भी एक गोल किया। लालरेमसियामी ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। किम ने अपना दूसरा गोल कर स्कोर 2-3 किया पर ऋतुजा के गोल से भारत ने अपनी जीत सुनिश्चित कर ली।
सविता पूनिया की अनुपस्थिति में बिचु देवी खारीबाम गोलकीपर के रूप में पहली पसंद रहीं। थाईलैंड और सिंगापुर के खिलाफ बांसुरी सालुंके को मौका मिला था। ग्रुप मैचों में भारत ने थाईलैंड को 11-0 से हराया, जापान के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। सिंगापुर को 12-0 से रौंदा और सात अंकों के साथ शीर्ष पर रहा।