शतरंज की बिसात पर शाहजहांपुर के इशांक यादव की बादशाहत

यूपी के होनहार खिलाड़ी ने रैपिड में हासिल की देश में दूसरी रैंक

खेलपथ संवाद

शाहजहांपुर। होनहार बिरवान के होत चीकने पात। इस बात को सही साबित किया है शाहजहांपुर के होनहार इशांक सिंह यादव ने। शतरंज की बिसात पर चार साल 10 महीने की उम्र में इशांक ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह समूचे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इशांक ने रैपिड में उत्तर प्रदेश में पहली तथा देश में दूसरी रैंक हासिल कर शतरंज में अपने सुनहरे भविष्य की झलक दिखाई है।

डी. गुकेश, प्रगनानंदा, दिव्या देशमुख तथा दिल्ली की पांच साल की आरिनी लाहोटी ने शतरंज की दुनिया में भारत का डंका बजाया है। पांच साल की आरिनी शतरंज के तीनों प्रारूपों क्लासिकल, रैपिड और ब्लिट्ज में फिडे रेटिंग हासिल करने वाली दुनिया की सबसे युवा शतरंज खिलाड़ी बन गई है। अब आरिनी से भी कम उम्र के शाहजहांपुर के इशांक सिंह यादव ने भी हाल ही में जारी रैंकिंग में विशेष उपलब्धि हासिल की है। यूपी के इस होनहार ने रैपिड में देश में दूसरी रैंक हासिल कर अपने जिले का गौरव बढ़ाया है। हम आपको बता दें कि रैपिड में देश में पहली रैंक अनीस सरकार की है।

शारीरिक शिक्षक और उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के एक्जीक्यूटिव सदस्य विपिन अग्निहोत्री ने बताया कि इशांक में सीखने की गजब की इच्छा-शक्ति है। उसे कोई बात एक बार ही बतानी पड़ती है। श्री अग्निहोत्री ने बच्चे की इस सफलता के लिए उसके माता-पिता को श्रेय देते हुए कहा कि इस उम्र में इशांक का देश में दूसरी रैंक हासिल करना समूचे शाहजहांपुर और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। खेलपथ होनहार इशांक के सुनहरे भविष्य की कामना करता है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स