स्कूल नेशनल हॉकी में यूपी की बेटियों ने जीता कांस्य पदक
अंडर 14 हॉकी प्रतियोगिता में उड़ीसा को 4-0 से हराया
रामपुर की बेटी मशीयत फातिमा ने बढ़ाया जिले का गौरव
खेलपथ संवाद
रामपुर। उत्तर प्रदेश की होनहार बेटियों ने ग्वालियर में खेली गई अण्डर-14 राष्ट्रीय स्कूल हॉकी प्रतियोगिता में उड़ीसा को 4-0 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। यूपी की टीम से मुरादाबाद मंडल के रामपुर जिले की बेटी मशीयत फातिमा ने शानदार खेल दिखाकर हॉकीप्रेमियों की वाहवाही लूटी।
मशीयत फातिमा की जहां तक बात है, रामपुर की इस बेटी ने पहली बार यूपी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मुरादाबाद मंडल को गौरवान्वित किया है। यूपी टीम के कांस्य पदक जीतने की खुशी रामपुरवासियों को भी है। हॉकी प्रेमियों का कहना है कि मशीयत फातिमा जिले की पहली खिलाड़ी है जिसने प्रदेश को कांस्य पदक दिलाकर रामपुर का गौरव बढ़ाया है। हॉकी प्रेमियों का कहना है कि मशीयत फातिमा के आठ जनवरी को गृह नगर आने पर उसका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
रामपुर जिला प्रशासन, जिला क्रीड़ा अधिकारी, उनके कोच पूर्व ओलम्पियन राजेंद्र सिंह रावत, जिला शिक्षा विभाग के हॉकी कोच एवं पिता फरहत अली खान, माता मारिया फरहत राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं जिला उपाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा रामपुर तथा सीनियर हॉकी खिलाड़ियों ने हॉकी बेटियों की शानदार सफलता पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
