खेवड़ा के होनहार पंकज और क्रिश ने जीते चांदी के तमगे

अब दोनों खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम
खेलपथ संवाद
खरखोदा। छह जुलाई को प्रताप सिंह स्पोर्ट्स स्कूल खरखोदा में हुई छठवीं जिलास्तरीय पंचाक सिलाट प्रतियोगिता में महेंद्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम खेवड़ा के होनहार पंकज आंतिल तथा क्रिश आंतिल ने चांदी के पदक जीतकर हिसार में होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का टिकट कटाया।
प्रशिक्षक सुधीर का कहना है कि जिला सचिव जगमेंद्र पांचाल के नेतृत्व में प्रताप सिंह स्पोर्ट्स स्कूल खरखोदा में हुई छठवीं जिलास्तरीय पंचाक सिलाट प्रतियोगिता में महेंद्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम खेवड़ा के दो खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और दोनों ने अपने-अपने भारवर्गों में रजत पदक जीतकर अपने जिले को गौरवान्वित किया। खेवड़ा के होनहार पंकज आंतिल ने सब जूनियर (36-38 किलो भारवर्ग) में जहां रजत पदक जीता वहीं क्रिश आंतिल नाधनोर ने सीनियर (90-95 किलो भारवर्ग) में चांदी का पदक जीतकर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का टिकट कटाया। राज्यस्तरीय पंचाक सिलाट प्रतियोगिता 18 से 20 जुलाई के बीच हिसार में आयोजित की जाएगी।