खेलो इंडिया युवा खेलों में निशानेबाज मयंक का जलवा

राजस्थान के होनहार शूटर ने दो दिन में जीता दूसरा स्वर्ण पदक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। राजस्थान के मयंक चौधरी ने खेलो इंडिया युवा खेलों में मंगलवार को लड़कों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए दो दिन में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। मयंक ने इससे पहले सोमवार को मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था।
मयंक ने 239.2 अंक हासिल करते हुए चंडीगढ़ के धैर्य पराशर (235.3) को आसानी से पछाड़ा। मध्य प्रदेश के युग प्रताप सिंह राठौर ने 214.8 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता। प्राची गायकवाड़ ने लड़कियों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में कर्नाटक की तिलोत्तमा सेन को हराया।
अपने दूसरे खेलो इंडिया युवा खेलों में हिस्सा लेते हुए प्राची ने पिछले सत्र के प्रदर्शन में सुधार किया, जहां उन्होंने कांस्य पदक जीता था। पेरिस ओलंपिक के पदक विजेता स्वप्निल कुसाले से प्रेरणा लेने वाली महाराष्ट्र की इस निशानेबाज ने तिलोत्तमा के 455.6 अंकों के मुकाबले 458.4 अंक हासिल किए।