महिला हॉकी लीग में इशिका चौधरी 16 लाख में बिकी

ग्वालियर की बेटी ओडिशा वारियर्स के लिए दिखाएगी दम
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
महिला हॉकी लीग की नीलामी में ग्वालियर की हॉकी बेटी इशिका चौधरी को ओडिशा वारियर्स ने 16 लाख रुपये में खरीदा है। इस लीग की सबसे महंगी खिलाड़ी हरियाणा की उदिता दुहान को श्राची रार बंगाल टाइगर्स ने 32 लाख की मोटी रकम देने का फैसला लिया है। नीलामी में बहुत सारी हॉकी बेटियों का कोई खरीददार नहीं मिला तो कई दिग्गज खिलाड़ियों को औने-पौने दामों में खरीदा गया है।
भारतीय डिफेंडर उदिता दुहान हॉकी इंडिया महिला लीग के पहले चरण के लिये सबसे महंगी बिकी जिन्हें श्राची रार बंगाल टाइगर्स ने मंगलवार को नीलामी में 32 लाख रूपये में खरीदा। भारत की लालरेम्सियामी (बंगाल टाइगर्स , 25 लाख) , सुनेलिटा टोप्पो (दिल्ली एसजी पाइपर्स, 24 लाख), संगीता कुमारी (दिल्ली एसजी पाइपर्स , 22 लाख) पर भी अच्छी बोलियां लगी। विदेशी खिलाड़ियों में बेल्जियम की चार्लोट एंजेलबर्ट (सूरमा हॉकी क्लब, 16 लाख), जर्मनी की चार्लोट स्टापेनहोर्स्ट (सूरमा हॉकी क्लब, 16 लाख) और आस्ट्रेलिया की जेसलिन बार्टरम (ओडिशा वारियर्स, 15 लाख) अच्छे दाम पर खरीदी गईं। 
अनुभवी स्ट्राइकर वंदना कटारिया को बंगाल टाइगर्स ने 10.5 लाख रुपये में खरीदा। भारतीय कप्तान सलीमा टेटे (20 लाख), इशिका चौधरी (16 लाख) और नेहा गोयल (10 लाख) को ओडिशा वारियर्स ने खरीदा। पूर्व कप्तान सविता (20 लाख), शर्मिला देवी (10 लाख) और निक्की प्रधान (12 लाख) को सूरमा हॉकी क्लब ने खरीदा। दिल्ली एसजी पाइपर्स ने अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी नवनीत कौर (19 लाख), युवा गोलकीपर बिछू देवी खारीबम (16 लाख) और दीपिका (20 लाख) को खरीदा।  

रिलेटेड पोस्ट्स