रोमांचक हॉकी मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया

हरमनप्रीत ने दो गोल दागे, टीम इंडिया की लगातार पांचवीं जीत
भारत ने अब तक टूर्नामेंट में 21 गोल दागे जबकि चार गोल खाए
खेलपथ संवाद
हुलुनबुइर।
एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को पूल स्टेज के अपने अंतिम मैच में हरमनप्रीत सिंह की टीम इंडिया ने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 2-1 से हरा दिया। कप्तान हरमनप्रीत ने दोनों गोल दागे। भारत की यह इस टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत रही। टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।
एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी में शनिवार को डिफेंडिंग चैम्पियन भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हरा दिया। मुकाबला हुलुनबुइर के मोकी हॉकी ट्रेनिंग बेस में खेला गया। भारत 5 मैच जीतकर अंक तालिका में पहले नम्बर पर है। जबकि पाकिस्तान 5 में से 2 मुकाबले जीतकर दूसरे नम्बर पर है। दोनों टीमें पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
मुकाबले के दौरान पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुकाबले का पहला गोल पहले क्वार्टर के सातवें मिनट में पाकिस्तान के नदीम अहमद ने किया। यहां शाहीन ने शॉट खेलते हुए डी के अंदर बॉल डाली थी, जिसे नदीम ने डिफ्लेक्ट करके गोल कर दिया। इसी के साथ पाकिस्तान इस मुकाबले में 1-0 से आगे हो गया। इसके बाद 13वें मिनट में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में कन्वर्ट करके बराबरी कर ली। हरमनप्रीत सिंह ने गोल पोस्ट के राइट कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक करके गोल किया। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत को कप्तान हरमनप्रीत ने बढ़त दिला दी। अभिषेक के इंजेक्ट पर हरमनप्रीत ने गोल पोस्ट के सेंटर में शॉट लिया। यही गोल निर्णायक साबित हुआ।
एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत की पाकिस्तान पर यह आठवीं जीत है। दोनों टीमों के बीच यह 12वां मुकाबला था। इस दौरान पाकिस्तान केवल दो मैच जीत सका है वहीं दो मैच ड्रॉ रहे हैं। प्रतियोगिता में भारत ने अपने पहले मैच में दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में टीम इंडिया ने मलयेशिया को 8-1 से रौंदा था। तीसरे मैच में भारतीय टीम ने जापान को 5-1 से शिकस्त दी थी। वहीं, चौथे मैच में चीन को हरमनप्रीत की टीम ने 3-0 से हराया था। भारत ने अब तक इस टूर्नामेंट में 21 गोल दागे हैं, जबकि चार गोल खाए हैं। भारत के डिफेंस ने शानदार काम किया है। हरमनप्रीत ने इस टूर्नामेंट में पांच गोल, अराइजीत सिंह ने तीन गोल दागे।
भारत के साथ इस टूर्नामेंट में चीन, कोरिया, जापान, मलेशिया, और पाकिस्तान भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट का सेमीफाइनल 16 और फाइनल 17 सितम्बर को खेला जाएगा। एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी की शुरुआत 13 साल पहले 2011 में हुई थी। भारतीय हॉकी टीम एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी की डिफेंडिंग चैम्पियन है। भारत ने चार और पाकिस्तान ने तीन बार खिताब जीता है। वहीं 2021 में साउथ कोरिया ने टाइटल जीता था।

 

रिलेटेड पोस्ट्स