दर्पण हॉकी फीडर सेंटर ने जीती कैप्टन रूप सिंह ट्रॉफी

खिताबी मुकाबले में एलएनआईपीई को 8-7 से किया पराजित

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। जिला हॉकी समिति ग्वालियर तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयासों से जिला खेल परिसर कम्पू में आयोजित प्रथम कैप्टन रूप सिंह 5-साइड हॉकी प्रतियोगिता दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की जांबाज टोली ने जीत ली। रोमांचक खिताबी मुकाबले में दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के होनहारों ने एलएनआईपीई को 8-7 से पराजित किया।

मंगलवार को जिला खेल परिसर कम्पू के क्रीड़ांगन में प्रथम कैप्टन रूप सिंह 5-साइड हॉकी प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला खेला गया। फाइनल मुकाबले में दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की टीम ने लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई) की टीम को 8-7 से हराकर विजेता होने का गौरव हासिल किया।  मैच के तीसरे मिनट में ही एलएनआईपीई टीम ने मैदानी गोलकर 1-0 की बढ़त ले ली, दर्पण टीम कुछ कर पाती कि मैच के सातवें मिनट में एक और मैदानी गोलकर एलएनआईपीई टीम 2-0 से आगे हो गई।

दो गोल से पिछड़ने के बाद दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और रोहित प्रजापति ने मैदानी गोलकर स्कोर 2-1 कर दिया। मैच के 15वें मिनट में दर्पण के लव कुमार ने मैदानी गोल दागकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।  मैच के दूसरे क्वार्टर के 18वें मिनट में दर्पण के रोहित प्रजापति ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 3-2 कर दिया। मैच के उत्तरार्ध में दर्पण के पुष्पेंद्र शर्मा ने मैदानी गोलकर स्कोर 4-2 कर दिया।

4-2 से पिछड़ने के बाद एलएनआईपीई की टीम ने कुछ शानदार मूव बनाए तथा गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। उसके बाद दोनों टीमों के बीच आगे-पीछे होने का खेल चला अंत में दर्पण फीडर सेंटर की टीम ने 8-7 से मुकाबला और खिताब दोनों जीत लिया। पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि लोकेंद्र पाराशर प्रदेश महामंत्री भारतीय जनता पार्टी, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल तथा संग्राम कदम ने विजेता तथा उप विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

दर्पण हॉकी फीडर सेंटर द्वारा प्रथम कैप्टन रूप सिंह 5-साइड हॉकी प्रतियोगिता जीतने पर जिला क्रीड़ा अधिकारी जोसेफ बाक्सला, जिला हॉकी संघ के सचिव विनोद कटारे, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हसरत कुरैशी, शिववीर सिंह भदौरिया, करण जैन, मदन गुप्ता, विवेक विशाल, गजेन्द्र तिवारी, शत्रुघ्न सिंह जादौन, सत्येंद्र सिंह भदौरिया, वीरेंद्र सिंह भदौरिया, पुष्पेंद्र सिंह, अर्जुन शर्मा, ओम पांडेय, प्रताप सिंह, निक्की कौशल, विक्रम सिंह, रितु अनामिका तिर्की, नेहा सिंह, शुभी शर्मा, संगीता दीक्षित एवं अविनाश भटनागर ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

रिलेटेड पोस्ट्स