दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की दो बेटियों को मिला एकेडमी में प्रवेश

खुशी और अनुष्का से पहले डेढ़ दर्जन बेटियां एकेडमी से खेलीं

खेलपथ संवाद

ग्वालियर। दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की दो बेटियों का चयन मध्य प्रदेश की उत्कृष्ट राज्य महिला हॉकी एकेडमी ग्वालियर के लिए हुआ है। इससे पहले इस सेंटर की डेढ़ दर्जन बेटियों को एकेडमी में कौशल निखारने का मौका मिल चुका है। इनमें से कुछ खिलाड़ी देश का भी प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

ग्वालियर के स्थानीय दर्पण मिनी स्टेडियम में संचालित दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की दो खिलाड़ियों खुशी चौरसिया एवं अनुष्का राठौर का चयन राज्य महिला हॉकी अकादमी में हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने सभी खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर एवं संगीता दीक्षित ने बताया की उक्त दोनों खिलाड़ियों का चयन म‌ई माह में सम्पन्न चयन ट्रायल के द्वारा हुआ है। चयन ट्रायल में देशभर की चुनिंदा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

एकेडमी में चयनित खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण, उच्चस्तरीय खेल सामग्री, भोजन व्यवस्था एवं खेलकिट उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही चयनित खिलाड़ियों की पढ़ाई व्यवस्था भी खेल विभाग द्वारा की जाती है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी हॉकी फीडर सेंटर योजना मध्य प्रदेश के 35 जिलों में संचालित है। परिणाम की दृष्टि से दर्पण हाकी फीडर सेंटर मध्य प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ फीडर सेंटर माना जाता है।

मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रदान किए जाने वाला सर्वोच्च खेल अवॉर्ड विक्रम अवॉर्ड जहां दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की दो खिलाड़ियों को प्राप्त हो चुका है वहीं एकलव्य अवॉर्ड चार खिलाड़ियों को मिला है। दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की 18 खिलाड़ी राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर एवं 17 बालक खिलाड़ी राज्य पुरुष हॉकी अकादमी भोपाल में चयनित होकर ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर अविनाश भटनागर, संगीता दीक्षित, नरेश दंगरोलिया, मोहम्मद सगीर खान, निक्की कौशल, अर्जुन शर्मा आदि ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं!

रिलेटेड पोस्ट्स