गोला फेंक में आभा खटुआ ने बनाया राष्ट्रीय कीर्तिमान
18.41 मीटर गोला फेंक तोड़ा अपना और मनप्रीत का रिकॉर्ड
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर। महाराष्ट्र की आभा खटुआ ने राष्ट्रीय फेडरेशन कप में 18.41 मीटर गोला फेंककर शॉटपुट का नया राष्ट्रीय कीर्तिमान रच दिया। उन्होंने 18.06 मीटर का अपना और मनप्रीत कौर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा। उन्होंने पांचवें प्रयास में यह दूरी नापी। बावजूद इसके वह पेरिस ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाईं। ओलम्पिक के लिए क्वालीफाइंग मार्क 18.80 मीटर है। हालांकि उनके पास 30 जून तक क्वालीफाई करने का मौका है।
उत्तर प्रदेश की किरन बालियान 16.54 मीटर के साथ दूसरे और दिल्ली की श्रृष्टि विज 15.86 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में ओडिशा के अनिमेश कुजूर ने 20.62 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण जीता। महिलाओं की 800 मीटर दौड़ दिल्ली की चंदा ने दो मिनट 2.62 सेकेंड के समय के साथ जीती। पंजाब की ट्विंकल (2.03.94) ने रजत और अमनदीप कौर (2.07.66) ने कांस्य जीता।
