आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर की छात्राएं हॉकी के फाइनल में पहुंचीं

जबलपुर के तीरंदाज चिराग विद्यार्थी ने साधा स्वर्णिम निशाना 
खेलपथ संवाद
भोपाल।
चौथे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम, नागालैंड और त्रिपुरा में चल रहे हैं। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में शुक्रवार को मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने तीन पदक अर्जित किए। जबलपुर के चिराग विद्यार्थी ने तीरंदाजी में स्वर्णिम निशाना साधा। चिराग रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसी तरह शनिवार सुबह महिला हॉकी के प्रथम सेमीफ़ाइनल में आई.टी.एम. विश्वविद्यालय ग्वालियर ने पंजाबी विश्वविद्यालय को 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। 
मध्य प्रदेश राज्य आर्चरी अकादमी के खिलाड़ी चिराग विद्यार्थी ने 50 मीटर कम्पाउंड इवेन्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 142 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चिराग रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस विधा में सावित्री बाई फुले यूनिवर्सिटी पुणे के आदित्य ने रजत और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली के हरप्रीत सिंह मान ने कांस्य पदक अर्जित किया।
मध्यप्रदेश राज्य खेल अकादमी के कुश्ती खिलाड़ी उदित पटेल ने 60 किलोग्राम ग्रीको रोमन इवेन्ट में रजत पदक अर्जित किया। जी.के.यू. के मोहित नरवाल ने स्वर्ण और एन.आई.आई.एल.एम.यू. के कपिल दलाल ने कांस्य पदक अर्जित किया। इंदौर के श्रवण कौशिक ने 57 किलोग्राम ग्रीको रोमन इवेंट में रजत पदक अर्जित किया। एस.यू. के अमोल बहादुर बोंगर्दे ने स्वर्ण और सीबीएलयू के सतीश ने कांस्य पदक अर्जित किया। उदित मध्यांचल प्रोफशनल विश्वविद्यालय भोपाल और श्रवण देवी अहिल्या बाई विश्वविद्यालय इन्दौर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
शनिवार को मध्यप्रदेश के खिलाड़ी शूटिंग, बैडमिंटन, कुश्ती, तीरंदाजी (रिकर्व 70 मीटर मिक्स में चिराग विद्यार्थी और कृतिका बिजपुरिया फायनल में भाग लेंगे) और पुरूष तथा महिला हॉकी टीमें सेमीफाइनल मुकाबला खेलेंगी। शनिवार सुबह महिला हॉकी के प्रथम सेमीफ़ाइनल में आई.टी.एम. विश्वविद्यालय ग्वालियर ने पंजाबी विश्वविद्यालय को 2-0 से पराजित कर फ़ाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले प्रतियोगिता में महिला हॉकी टीम ने वीर बहादुर विश्वविद्यालय जौनपुर को 5-2 से और रवीन्द्र नाथ टैगोर यूनिवर्सिटी रायसेन की पुरुष हॉकी टीम ने रांची विश्वविद्यालय टीम को 1-0 से पराजित कर सेमीफायनल में स्थान बनाया। इस प्रतियोगिता में पुरुष हॉकी टीम रवीन्द्र नाथ टैगोर यूनिवर्सिटी, रायसेन तथा महिला हॉकी टीम आईटीएम विश्वविद्यालय, ग्वालियर का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स