रेसवॉकर अक्षदीप ने अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

दूसरे स्थान पर रहे सूरज पंवार को ओलम्पिक टिकट
खेलपथ संवाद
चंडीगढ़।
पेरिस ओलम्पिक के लिये पहले ही क्वालीफाई कर चुके पंजाब के अक्षदीप सिंह ने राष्ट्रीय ओपन पैदल चाल स्पर्धा में मंगलवार को पुरुषों के 20 किलोमीटर वर्ग में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। रांची में राष्ट्रीय ओपन पैदल चाल स्पर्धा 2023 जीतकर ओलम्पिक के लिये क्वालीफाई करने वाले अक्षदीप ने एक घंटे 19 मिनट 38 सेकेंड का समय निकाला। 
राष्ट्रीय ओपन पैदल चाल स्पर्धा में उत्तराखंड के सूरज पंवार दूसरे स्थान पर रहे जिन्होंने पेरिस ओलम्पिक का एक घंटे 20 मिनट 10 सेकेंड का क्वालीफाइंग मार्क पार किया। उन्होंने एक घंटे 19 मिनट 43 सेकेंड का समय निकाला। वह पेरिस ओलम्पिक में पुरूषों की पैदल चाल के लिये क्वालीफाई करने वाले चौथे भारतीय हैं। प्रेमजीत सिंह बिष्ट और विकास सिंह भी क्वालीफाई कर चुके हैं। एक देश से तीन ही खिलाड़ी ट्रैक और फील्ड की व्यक्तिगत स्पर्धा में भाग ले सकते हैं और अब भारतीय एथलेटिक्स संघ को तय करना है कि इन चारों में से कौन-कौन पेरिस जायेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स