सिया सावंत और मोहम्मद बाशा बने सबसे तेज धावक

खेलो इंडिया यूथ गेम्सः 100 मीटर इवेंट में जीते गोल्ड
खेलपथ संवाद
चेन्नई।
महाराष्ट्र की सिया सावंत और ओडिशा के मोहम्मद बाशा छठे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सबसे तेज एथलीट बन गए, जबकि बिहार की दुर्गा सिंह और उत्तराखंड के राहुल सरनालिया ने एथलेटिक्स इवेंट्स के दूसरे दिन लड़कियों और लड़कों के 1500 मीटर के मीट रिकॉर्ड में सुधार किया। इन चारों ने बुधवार को जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम अलग तरह की चमक बिखेरी। 
स्प्रिंटर सिया ने शुरू से अंत तक बढ़त बनाते हुए 12.10 सेकेंड में रेस पूरी की और स्थानीय खिलाड़ी आशा अभिनय राजराजन (12.21 सेकेंड) को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र की रुजुला भोसले ने 12.23 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। लड़कों के 100 मीटर का फाइनल काफी करीबी था। बाशा ने अंतिम 20 मीटर में तमिलनाडु के गोकुल पांडियन को पीछे छोड़ते हुए 10.81 सेकेंड के समय के साथ रेस जीत ली। गोकुल ने 10.89 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता जबकि ओडिशा के प्रतीक महराना ने 10.95 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।
दुर्गा ने लड़कियों की 1500 मीटर दौड़ में अपना दबदबा कायम किया। उन्होंने राजस्थान की मुस्कान से लगभग चार सेकंड पहले ही रेस पूरी कर ली। दुर्गा ने 4:29.32 मिनट में दौड़ पूरी की, जबकि मुस्कान 4:33.95 मिनट में रेस पूरी करने में सफल रही। दोनों ने स्नेहा द्वारा गुवाहाटी में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में बनाए गए 4:35.45 के मीट रिकॉर्ड में सुधार किया।
इसके बाद सरनालिया ने लड़कों की 1500 मीटर रेस में 3:51.12 मिनट के समय के साथ रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराया। उनके राज्य के साथी प्रियांशु (3:54.01 मिनट) और राजस्थान के मयंक यादव (3:57.68 मिनट) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता। 3:51.57 मिनट का पिछला रिकॉर्ड अर्जुन वास्कले के नाम था।
मेजबान तमिलनाडु और ओडिशा ने बुधवार को एथलेटिक्स एरेना में तीन-तीन स्वर्ण पदक जीते, जिसमें ओडिशा के ओंकार प्रसाद नंदा ने हैमर थ्रो और शॉट पुट दोनों में स्वर्ण पदक जीता। इस बीच, हरियाणा मुक्केबाजी में सात स्वर्ण पदकों के दम पर पदक तालिका में आगे बढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गया और तलवारबाजी के अंतिम दिन तीन स्वर्ण पदक जीतकर गत चैम्पियन महाराष्ट्र पर दबाव डाला, जो अपनी जिमनास्टिक और साइकिलिंग टीमों के शानदार प्रदर्श के दम पर आगे रहने की उम्मीद कर रहा था। महाराष्ट्र के साइकिल चालक वेदांत जाधव और राजस्थान की विमला माचरा ने भी बुधवार को टीएनपीईएसयू के वेलोड्रोम में केरिन रेस जीतकर अपने अभियान को उच्च स्तर पर समाप्त करके अपने खाते में एक और स्वर्ण पदक जोड़ा।
निशानेबाजी में हरियाणा के सम्राट राणा ने मंगलवार को जीते गए 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्वर्ण में 10 मीटर एयर पिस्टल का स्वर्ण जोड़ा। राणा ने तीसरे स्थान पर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने कुल 242.8 का स्कोर बनाकर कर्नाटक के जोनाथन गेविन एंथोनी को पूरे एक अंक से पछाड़ दिया। राजस्थान के अंशुल ने 221.3 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

रिलेटेड पोस्ट्स