भारत ने महिला विश्व कप में पोलैंड को हराया

हॉकी खिलाड़ी मुमताज और दीपिका ने किए गोल
खेलपथ संवाद
मस्कट।
दीपिका सोरेंग और मुमताज खान के दो-दो गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी-5 महिला विश्व कप में बुधवार को पूल-सी के पहले मैच में पोलैंड को 5-4 से हराया। मुमताज ने चौथे और 23वें मिनट में गोल किया जबकि दीपिका ने छठे और 29वें मिनट में गोल किया। 
मरियाना कुजूर ने 33वें मिनट में गोल दागा। पोलैंड के लिए जूलिया के (आठवां), कप्तान मारलेना रिबाचा (10वां), पाउला स्लाविंस्का (27वां) और मोनिका पोलव्जाक (29वां) ने गोल दागे। भारत ने चौथे ही मिनट में मुमताज के गोल पर बढ़त बनाई। इसके दो मिनट बाद दीपिका ने भारत की बढ़त दोगुनी की। पोलैंड ने जवाबी हमले में दो मिनट में दो गोल किए। मुमताज के दूसरे गोल के दम पर पहले हाफ में स्कोर 3-2 था। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने रक्षात्मक खेल दिखाया। भारत के लिए कुजूर ने शानदार मूव को अंजाम देते हुए गोल किया। स्लाविंस्का ने 27वें मिनट में पोलैंड के लिए गोल दागा, लेकिन दीपिका ने दो मिनट बाद गोल करके भारत को दो गोल की बढ़त दिलाई। एक मिनट बाकी रहते पोलैंड के लिए मोनिका ने गोल किया, लेकिन भारत ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। अब भारत का सामना अमेरिका से होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स