दिव्यांग तीरंदाजों ने पेरिस पैरालम्पिक खेलने को साधे निशाने

साई के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र सोनीपत में हुए ट्रायल
मार्च व मई में दूसरे व तीसरे चरण के ट्रायल होंगे
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
पेरिस में पैरालम्पिक गेम्स के लिए तीरंदाजी टीम के चयन की प्रक्रिया के पहले दिन शुक्रवार को 72 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। पहले दिन प्रथम राउंड के मुकाबले कराए गये। शनिवार को सभी चार वर्गों में आठ-आठ खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। मार्च व मई में दूसरे व तीसरे चरण के ट्रायल होंगे।
भारतीय खेल प्राधिकरण(साई), सोनीपत की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा ने बताया कि साई के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में पहले ट्रायल के लिए शुक्रवार सुबह से ही ट्रायल शुरू हो गये। सभी चार वर्ग के लिए 72 तीरंदाज ट्रायल देने पहुंचे हैं। तीरंदाजी की रिकर्व कैटेगरी में 2 गुणा 70 मीटर के ट्रायल हुये। इसके बाद कंपाउंड कैटेगरी के 2 गुणा 50 मीटर के ट्रायल लिए गये। पहले चरण में ओपन ट्रायल लिया जा रहा है। जिसमें रिकर्व पुरुष व महिला वर्ग में आठ-आठ तथा कपाउंड पुरुष व महिला वर्ग में आठ-आठ तीरंदाज चुने जाएंगे।
ट्रायल प्रक्रिया के पहले दिन प्रथम राउंड के मुकाबले कराए गये। शनिवार को अंतिम राउंड के मुकाबले कराकर 32 खिलाड़ियों का चयन कर लिया जाएगा। तीरंदाजों के लिए पहले चरण के ट्रायल हो रहे है। उसके बाद 8 से 12 मार्च तक दूसरे चरण के ट्रायल लिए जाएंगे। फिर 28 से 30 मार्च तक तीसरे चरण के ट्रायल होंगे। सभी ट्रायल सोनीपत के बहालगढ़ स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र में होंगे। जून माह में टीम का चयन किया जायेगा। साई के पैरा तीरंदाजों का विदेशी धरती पर भी अभ्यास कराया जायेगा। इसके लिए इटली में 15 से 21 जून तक अभ्यास शिविर लगाया जायेगा। उसके बाद फ्रांस में 18 से 27 अगस्त तक अभ्यास शिविर लगाया जायेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स