खेलो इंडिया पैरा गेम्स में हरियाणा और यूपी का यादगार प्रदर्शन

हरियाणा पदक तालिका में शीर्ष पर काबिज, यूपी दूसरे स्थान पर
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
खेलो इंडिया पैरा गेम्स के पहले संस्करण में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने अब तक बेजोड़ प्रदर्शन किया है। हरियाणा पदक तालिका में 35 स्वर्ण, 37 रजत और 19 कांस्य पदक के साथ शीर्ष पर है वहीं उत्तर प्रदेश पदक तालिका में 24 स्वर्ण, 18 रजत और 9 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है।
खेलो इंडिया पैरा गेम्स भारत सरकार के खेलो इंडिया प्रोग्राम की नवीनतम पहल है, जिसमें खेलो इंडिया यूथ गेम्स, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और खेलो इंडिया विंटर गेम्स भी शामिल हैं। खेलो इंडिया पहल के तहत अब तक पांच खेलो इंडिया यूथ गेम्स, तीन खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और तीन खेलो इंडिया विंटर गेम्स सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। जिसका उद्देश्य देश में ज़मीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना है।
भारत सरकार द्वारा साल 2017 से चलाए जा रहे इस प्रोग्राम को देश के हर कोने से भरपूर समर्थन मिला है। खेलो इंडिया पैरा गेम्स में 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड प्रतिस्पर्धा करने वाली 32वीं टीम है। आठ दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 175 स्वर्ण, 175 रजत और 204 कांस्य पदक दिए जाएंगे।
भारतीय खेल प्राधिकरण के तीन अलग-अलग स्थानों इंदिरा गांधी स्टेडियम, तुगलकाबाद में शूटिंग रेंज और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अलग-अलग इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें दिव्यांग खिलाड़ी पैरा एथलेटिक्स, पैरा शूटिंग, पैरा तीरंदाजी, पैरा फुटबॉल, पैरा बैडमिंटन, पैरा टेबल टेनिस, पैरा वेटलिफ्टिंग (पावरलिफ्टिंग) में जोर लगा रहे हैं। 
पैरा फुटबॉल और टेबल टेनिस दोनों प्रतियोगिताएं 17 दिसम्बर को समाप्त होंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स