महिला हॉकी में हरियाणा पर मध्य प्रदेश की खिताबी जीत

पुरुष हॉकी में हरियाणा को गोल्ड, यूपी को कांस्य
खेलपथ संवाद 
पणजी।
गोवा में चल रहे 37वें राष्ट्रीय खेलों में महिला हॉकी का खिताब पहली बार मध्य प्रदेश की बेटियों ने हरियाणा को पेनल्टी शूटआउट में 3-0 से पराजित कर पहली बार अपने नाम किया। झारखंड को कांस्य पदक मिला। पुरुष हॉकी फाइनल में हरियाणा ने कर्नाटक को 5-3 से हराकर स्‍वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
महिला हॉकी के फाइनल में मध्य प्रदेश ने हरियाणा को हराया। पुरुष फुटबॉल के फाइनल में सर्विसेज ने मणिपुर को 2-1 के स्कोर से हराकर स्‍वर्ण पदक अपने नाम किया। केरल ने कांस्य पदक जीता। महिला फुटबॉल के फाइनल में ओडिशा ने मणिपुर को 4-2 से हराया। हरियाणा ने कांस्य पदक जीता। पुरुष कबड्डी के फाइनल मुकाबले में सर्विसेज ने हरियाणा को 34-25 से हराया। महिला कबड्डी में हिमाचल प्रदेश ने हरियाणा को पराजित कर स्वर्णिम सफलता हासिल की। महिला खो-खो में महाराष्ट्र ने ओडिशा को हराया।
पदक तालिका में महाराष्ट्र अब तक 75 स्वर्ण पदकों के साथ 220 पदक जीतकर सिरमौर है। सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड 64 स्वर्ण के साथ दूसरे और हरियाणा 58 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है। आज पणजी के श्यामा प्रसाद इनडोर स्टेडियम में इन खेलों का समापन होगा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा समारोह का हिस्सा होंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स