सरबजोत ने कांस्य के साथ पक्का किया ओलम्पिक कोटा

खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
निशानेबाज सरबजोत सिंह ने मंगलवार को कोरिया के चांगवोन में एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतने के साथ भारत के लिए पेरिस ओलम्पिक कोटा स्थान पक्का किया। 
दूसरी तरफ सान्याम ने महिलाओं की जूनियर 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक के साथ परचम लहराया। सरबजोत ने फाइनल में 221.1 का स्कोर किया। उन्होंने चीन के झांग यिफान (स्वर्ण, 243.7) और लियू जिनयाओ (242.1) के बाद तीसरे स्थान पर रहते हुए भारत के लिए निशानेबाजी में आठवां ओलम्पिक कोटा स्थान हासिल किया। 
यह पिस्टल स्पर्धा में देश का पहला ओलम्पिक (2024) कोटा है। सान्याम ने जूनियर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर निशानेबाजों की निराशा को कुछ हद तक दूर किया। उन्होंने फाइनल में 240.6 का स्कोर बनाकर चीन की जिन बोहन की कड़ी चुनौती से पार पाते हुए महज 0.4 अंक से शीर्ष स्थान हासिल किया।

रिलेटेड पोस्ट्स