उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का एशियाई खेलों में कमाल

सात स्वर्ण सहित 23 पदक जीतने वाले खिलाड़ी होंगे मालामाल
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
हांगझोऊ (चीन) में सम्पन्न हुए 19वें एशियाई खेलों में भारत ने जहां पहली बार पदकों का शतक लगाया वहीं उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 23 पदक जीते। इन पदकों में सात स्वर्ण, आठ रजत तथा आठ कांस्य पदक शामिल हैं। इस बार उत्तर प्रदेश के 36 खिलाड़ी एशियाई खेलों में शिरकत करने गए थे। मेरठ की बेटी पारुल चौधरी ने दो पदक जीते जिनमें एक स्वर्ण तथा एक रजत पदक शामिल है।
बता दे कि इस बार एशियाई खेलों में भारत ने पदकों का शतक (107) लगाया है। इस शानदार प्रदर्शन में एथलीटों, निशानेबाजों तथा तीरंदाजों का अहम योगदान रहा। इन खेलों में उत्तर प्रदेश के 36 खिलाड़ियों ने सहभागिता की थी और 23 पदक जीते। यूपी के इन खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, आठ रजत और आठ कांस्य पदक अपने नाम किए। इन प्रतिभागी और पदक विजेताओं के लिए प्रदेश सरकार की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उन्हें इनामी राशि वितरित की जाएगी। इस प्रदर्शन में मेरठ की पारुल चौधरी ने अनोखी उपलब्धि दर्ज की, जो एक स्वर्ण और एक रजत जीतने वाली पहली एथलीट बनी।
सबसे अहम बात यह है कि शासन की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार एशियाई खेलों में पहली बार व्यक्तिगत और टीम वर्ग में समान धनराशि दी जाएगी। इसके अंतर्गत अलग-अलग पदक जीतने वालों के लिए अलग-अलग धनराशि देने का प्रावधान किया गया है। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को तीन करोड़, रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी को डेढ़ करोड़ तथा कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 75 लाख रुपये दिए जाएंगे।
इतना ही नहीं पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी बनने का भी मौका मिलेगा। एशियाई खेलों में प्रतिभागिता करने वाले अन्य 13 खिलाड़ियों को पांच-पांच लाख रुपए दिए जाएंगे। गौरतलब है कि वर्ष 2018 जकार्ता और वर्ष 2014 इंचियोन में हुए एशियन गेम्स में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने 11-11 पदक जीते थे लेकिन हांगझोऊ में 23 पदक जीतकर नई पटकथा लिखी है।
यूपी के स्वर्ण पदक विजेताओं के नामः पारुल चौधरी (मेरठ): एथलेटिक्स (5000 मीटर दौड़), अन्नूरानी (मेरठ) : एथलेटिक्स (जेवलिन थ्रो), रिंकू सिंह (अलीगढ़): क्रिकेट, दीप्ति शर्मा (आगरा) : क्रिकेट, ललित कुमार उपाध्याय (वाराणसी) : हॉकी, अखिल श्योराण (बागपत) : शूटिंग, अर्जुन देशवाल (मुजफ्फनगर) : कबड्डी।
रजत पदक विजेताओं के नामः पारुल चौधरी (मेरठ) : एथलेटिक्स (3000 मीटर स्टिपलचेज), अजय कुमार सरोज (प्रयागराज) : एथलेटिक्स (1500 मीटर दौड़), कार्तिक कुमार (बुलंदशहर) : एथलेटिक्स (10000 मीटर दौड़), पुनीत कुमार (मुजफ्फरनगर) : रोइंग (कॉक्सलेस 8), नीरज (बागपत) : रोइंग (काक्सलेस 8), नीतेश (बागपत) : रोइंग ( काक्सलेस 8), प्राची (सहारनपुर) : एथलेटिक्स (चार गुणा 400 मीटर रिले)।
यूपी के कांस्य पदक विजेताओं के नामः अरविन्द सिंह (बुलंदशहर) : रोइंग (लाइटवेट डबल स्कल), पुनीत (मुजफ्फरनगर) : रोइंग (काक्सलेस 4), सीमा पूनिया (मेरठ) : एथलेटिक्स (डिस्कस थ्रो), किरन बालियान (मेरठ) : एथलेटिक्स (शाटपुट), रामबाबू (सोनभद्र) : एथलेटिक्स (35 किलोमीटर मिक्स वॉक), वंदना कटारिया (मेरठ) : हॉकी, गुलवीर सिंह (अलीगढ़) : (10000 मीटर दौड़)।
प्रतिभागी खिलाड़ीः प्रियंका गोस्वामी (मेरठ-एथलेटिक्स), रचना (बागपत- एथलेटिक्स), तान्या चौधरी (बागपत- एथलेटिक्स), ज्योति शुक्ला (कानपुर- हैंडबॉल), शिवा सिंह (लखनऊ- हैंडबॉल), तेजस्वनी सिंह (प्रयागराज – हैंडबॉल), शैली सिंह (झांसी- एथलेटिक्स), विक्रांत बालियान (मेरठ- वुशू), सूरज यादव (वाराणसी- वुशू), विशाल यादव (वाराणसी- फुटबॉल), विकास कुमार (बुलंदशहर- घुड़सवारी), आशा शर्मा (नोएडा- ब्रिज), किरन (सहारनपुर- जुजित्सू)।

 

रिलेटेड पोस्ट्स